कोंडागांव में छात्राओं को मिली सरस्वती साइकिल, शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोंडागांव विधायक लता उसेंडी गुरुवार को विकासखंड कोंडागांव के ग्राम बड़ेकनेरा स्थित शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित निःशुल्क सरस्वती साइकिल वितरण कार्यक्रम में शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने कक्षा 9वीं की छात्राओं को साइकिलें वितरित कर उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने और शिक्षा के प्रति आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलित कर की गई।
इस अवसर पर लता उसेंडी ने कहा कि राज्य सरकार की निःशुल्क सरस्वती साइकिल योजना का उद्देश्य कक्षा 9वीं में अध्ययनरत छात्राओं को साइकिल उपलब्ध कराकर उनकी शिक्षा को आसान बनाना और विद्यालय तक पहुंच को सुगम करना है। उन्होंने कहा कि यह योजना विशेष रूप से दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों की बालिकाओं के लिए बेहद लाभकारी साबित हुई है। इससे विद्यालय छोड़ने की दर (ड्रॉपआउट) में कमी आई है और छात्राओं की नियमित उपस्थिति में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बालिका शिक्षा, महिला सशक्तीकरण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए लगातार जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन कर रही है, ताकि हर बेटी को बेहतर शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य का अवसर मिल सके।
कार्यक्रम के बाद लता उसेंडी ने विद्यालय परिसर में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण किया और पर्यावरण संरक्षण के साथ अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का संदेश दिया।
इस कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य रामदाई नाग, सरपंच प्रकाश चुरूगिया, उपसरपंच सोहन पोयाम, हितेश झा, पार्षद सोनामणि पोयाम, संतोष पात्र, ननकी वैष्णव, बालसिंह बघेल, प्रेमसिंह नाग, सुरेश देवांगन, केजूराम नेताम, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।




