छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

सरायपाली दौरे पर राज्यपाल की सख्ती: जल संरक्षण, जैविक खेती और जनभागीदारी बढ़ाने के निर्देश

रायपुर। राज्यपाल रमेन डेका ने सरायपाली प्रवास के दौरान विकासखंड स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक में विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की और कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। जल संरक्षण के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्होंने डबरी निर्माण को और बढ़ावा देने पर जोर दिया। क्षेत्र में 218 डबरी स्वीकृत होने और कई के पूर्ण होने की जानकारी दी गई, लेकिन उन्होंने काम की गति और तेज करने की आवश्यकता बताई।

वृक्षारोपण को जनआंदोलन का रूप देने की बात कहते हुए उन्होंने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत बड़े पैमाने पर पौधरोपण करने के निर्देश दिए। कैंपा और मनरेगा के माध्यम से सरकारी परिसरों और ग्रामीण क्षेत्रों में फलदार व छायादार पौधे लगाने पर बल दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि अब तक करीब 1.50 लाख पौधे लगाए जा चुके हैं।

कृषि क्षेत्र में राज्यपाल ने जैविक और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने, रासायनिक उर्वरकों के उपयोग को कम करने तथा धान के साथ उद्यानिकी फसलों को शामिल करने पर जोर दिया। साथ ही जैविक चावल के वैल्यू एडिशन के जरिए किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में काम करने को कहा।

स्वच्छता, स्वास्थ्य और सामाजिक भागीदारी पर भी विशेष ध्यान देते हुए उन्होंने कचरा संग्रहण व्यवस्था मजबूत करने, सार्वजनिक शौचालयों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने तथा टीबी मरीजों की देखभाल में समाज की भागीदारी बढ़ाने के निर्देश दिए। कैंसर और अन्य बीमारियों के लिए जागरूकता शिविरों के आयोजन पर भी जोर दिया गया।

इसके अलावा योग को जन-जन तक पहुंचाने, पुस्तकालयों के विस्तार और महिला स्व-सहायता समूहों को आत्मनिर्भर बनाकर “लखपति दीदी” बनाने की दिशा में कार्य करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने भाग लेकर योजनाओं की प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button