कच्चे घर से पक्के सपनों तक: आवास योजना ने बदली कांति की जिंदगी

रायपुर। हर इंसान की ख्वाहिश होती है कि उसके पास एक ऐसा घर हो, जहां वह सुकून और सुरक्षा के साथ जीवन बिता सके। मुंगेली विकासखंड के ग्राम पचौटिया की रहने वाली कांति के लिए यह सपना अब हकीकत बन चुका है।
कभी कच्चे मकान में रहने वाली कांति और उनका परिवार मौसम की मार झेलने को मजबूर था। बरसात में टपकती छत, गर्मी में झुलसाती तपिश और सर्दी में ठिठुरन—ये सब उनकी रोजमर्रा की परेशानियों का हिस्सा थे। लेकिन प्रधानमंत्री आवास योजना ने उनके जीवन की दिशा ही बदल दी।
योजना के तहत पक्का मकान स्वीकृत होने के बाद कांति ने अपने सपनों का घर तैयार किया। अब उनका परिवार सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण में रह रहा है। नए घर ने न सिर्फ उन्हें मौसम की दिक्कतों से राहत दी है, बल्कि मानसिक सुकून भी दिया है।
कांति बताती हैं कि अब उनके बच्चों को पढ़ाई के लिए बेहतर माहौल मिल रहा है, जिससे उनका भविष्य भी संवर रहा है। वे सरकार की इस योजना को अपने जीवन का अहम मोड़ मानती हैं और इसके लिए आभार जताती हैं।




