अब ट्रैफिक सिग्नल पर नहीं होगी धूप-बारिश की मार, कोरबा में बनेंगे आधुनिक प्रतीक्षा शेड

रायपुर। कोरबा शहर के व्यस्त चौक-चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल के दौरान रुकने वाले वाहन चालकों और आम नागरिकों को अब तेज धूप और बारिश से राहत मिलने वाली है। नगर निगम ने शहर के प्रमुख सिग्नल पॉइंट्स पर प्रतीक्षा शेड बनाने की योजना पर काम शुरू कर दिया है।
रविवार को सीएसईबी चौक में करीब 32.30 लाख रुपये की लागत से दो आधुनिक प्रतीक्षा शेड के निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। यह पहल खासतौर पर उन लोगों के लिए राहत लेकर आएगी, जिन्हें सिग्नल के दौरान खुले में खड़े रहना पड़ता था।
शहर में पहले से स्थापित ट्रैफिक सिग्नल व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए यह कदम उठाया गया है। निगम का लक्ष्य है कि आने वाले समय में अन्य प्रमुख चौक-चौराहों पर भी ऐसे शेड बनाए जाएं।
कार्यक्रम के दौरान यह भी बताया गया कि शहर की सड़कों के डामरीकरण का काम भी जल्द गति पकड़ेगा। हालांकि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के चलते डामर की कमी के कारण फिलहाल कार्य में देरी हो रही है, लेकिन सामग्री उपलब्ध होते ही काम तेज किया जाएगा।
इसके साथ ही शहर में विभिन्न समाजों के लिए सामुदायिक भवनों का निर्माण भी जारी है। सतनामी समाज और किन्नर समाज के लिए अलग-अलग भवनों का भूमिपूजन भी किया गया, जिससे सामाजिक ढांचे को और मजबूती मिलेगी।




