कोरबा में लगा मेगा हेल्थ कैंप, 500+ कर्मचारियों ने कराई जांच

रायपुर। छत्तीसगढ़ में असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों और उनके परिवारों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए राज्य सरकार के निर्देश पर लगातार स्वास्थ्य जागरूकता और जांच शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में कोरबा के निगम कार्यालय साकेत में कर्मचारी राज्य बीमा औषधालय द्वारा विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाया गया।
सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक चले इस शिविर में नगर निगम के 500 से अधिक अधिकारी और कर्मचारियों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया। विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने ब्लड प्रेशर, शुगर, जोड़ो का दर्द, सिरदर्द, अनिद्रा, हाईपरटेंशन, बुखार, एलर्जी, लीवर, किडनी और हृदय संबंधी बीमारियों की जांच की। जरूरतमंदों को मौके पर ही दवाइयां भी दी गईं और स्वास्थ्य संबंधी जरूरी सलाह दी गई।
शिविर का समापन महापौर संजुदेवी राजपूत ने किया। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं के इस प्रयास की सराहना करते हुए राज्य सरकार और संबंधित विभाग का आभार जताया। इस दौरान डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और अन्य कर्मचारियों की टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में नगर निगम के जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी मौजूद रहे, जिन्होंने इस पहल को श्रमिकों के लिए लाभकारी बताया।




