छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

छत्तीसगढ़ बोर्ड रिजल्ट जारी: बेटियों ने फिर मारी बाज़ी, सफलता का नया रिकॉर्ड

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंत्रालय महानदी भवन से छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम जारी किए। इस मौके पर उन्होंने सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष हाई स्कूल में 77.15% और हायर सेकेंडरी में 83.04% छात्र सफल हुए हैं, जो राज्य की शिक्षा व्यवस्था में सकारात्मक प्रगति का संकेत है। इस उपलब्धि का श्रेय उन्होंने शिक्षकों, अभिभावकों और पूरे शिक्षा तंत्र को दिया।

मुख्यमंत्री ने खास तौर पर छात्राओं के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि बेटियां लगातार नए कीर्तिमान बना रही हैं। यह उनकी मेहनत, आत्मविश्वास और समाज में बढ़ती शैक्षणिक जागरूकता का प्रमाण है।

उन्होंने यह भी कहा कि दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों के विद्यार्थियों ने प्रावीण्य सूची में जगह बनाकर साबित कर दिया है कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती। सीमित साधनों के बावजूद इन छात्रों ने अपने हौसले से बड़ी सफलता हासिल की है।

मुख्यमंत्री ने इसे केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि प्रदेश के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग देश और राज्य के निर्माण में करें।

साथ ही, जिन छात्रों को अपेक्षित सफलता नहीं मिली, उन्हें निराश न होने और लगातार प्रयास करते रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि मेहनत और सकारात्मक सोच के साथ सफलता जरूर मिलेगी।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव, मंत्री केदार कश्यप, मंडल अध्यक्ष रेणु पिल्लै और शिक्षा विभाग के सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेशी समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button