156 उत्कृष्ट खिलाड़ियों को मिलेगी सरकारी नौकरी, हाई लेवल कमेटी ने लगाई मुहर

छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आयोजित उच्चस्तरीय समिति की बैठक में वर्ष 2018-19 और 2019-20 के लिए 156 उत्कृष्ट खिलाड़ियों के चयन को अंतिम मंजूरी दे दी गई। चयनित खिलाड़ियों में 20 अलग-अलग खेलों के प्रतिभाशाली खिलाड़ी शामिल हैं।
अब इस सूची को सामान्य प्रशासन विभाग के पास भेजा जाएगा। विभाग द्वारा अधिसूचना जारी होने के बाद चयनित खिलाड़ियों की शासकीय सेवा में नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू होगी। लंबे समय से इस फैसले का इंतजार कर रहे खिलाड़ियों के लिए यह महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खेल प्रतिभाओं के चयन और प्रोत्साहन की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, समयबद्ध और निष्पक्ष हो। उन्होंने कहा कि चयनित खिलाड़ियों को पात्रता के अनुसार सरकारी सेवा में अवसर देने के साथ-साथ उनके अनुभव का उपयोग खेल प्रशिक्षण, नई प्रतिभाओं को तैयार करने और खिलाड़ियों के मार्गदर्शन में भी किया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल खिलाड़ियों को सम्मानित करना नहीं, बल्कि गांव से लेकर राज्य स्तर तक ऐसी मजबूत खेल व्यवस्था विकसित करना है, जहां प्रतिभाओं की समय पर पहचान हो और उन्हें आधुनिक प्रशिक्षण, बेहतर संसाधन तथा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर मिलें।
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि प्रदेश में अब तक 182 उत्कृष्ट खिलाड़ियों को घोषित किया जा चुका है। वर्ष 2018-19 और 2019-20 के लिए प्राप्त आवेदनों की जांच और निर्धारित मानकों के आधार पर 156 खिलाड़ियों को पात्र पाया गया।
बैठक में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, वन मंत्री केदार कश्यप, मुख्य सचिव विकास शील, प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, सचिव राहुल भगत, अविनाश चंपावत, यशवंत कुमार तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक तनुजा सलाम सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।



