Fourth Eye News

एक्सक्लूसिव खबरों का अड्डा

एचपीवी टीकाकरण में बलरामपुर-रामानुजगंज बना नंबर-1, 90% लक्ष्य हासिल कर प्रदेश में रचा कीर्तिमान

Balrampur-Ramanujganj ranks first in HPV vaccination, sets a state record by achieving 90% of the target.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 28 फरवरी 2026 को शुरू किए गए राष्ट्रव्यापी निःशुल्क एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान में छत्तीसगढ़ के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बालिकाओं और महिलाओं को भविष्य में सुरक्षित रखने के उद्देश्य से चलाए जा रहे इस अभियान के तहत जिले ने 8,785 के लक्ष्य के मुकाबले 7,931 बालिकाओं का टीकाकरण कर 90 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की है।

राज्य सरकार द्वारा मातृ एवं बाल स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में बलरामपुर-रामानुजगंज जिले ने एचपीवी टीकाकरण अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन से पूरे प्रदेश में अपनी अलग पहचान बनाई है।

कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग तथा मैदानी अमले के संयुक्त प्रयासों से अभियान को व्यापक जनसमर्थन मिला। विशेष रूप से दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों तक पहुंच बनाकर पात्र बालिकाओं का टीकाकरण सुनिश्चित किया गया।

इस उपलब्धि पर कलेक्टर ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए शत-प्रतिशत टीकाकरण के लक्ष्य को हासिल करने के लिए छूटी हुई प्रत्येक पात्र बालिका तक पहुंचने के निर्देश दिए हैं।

दूरस्थ एवं जनजातीय क्षेत्रों वाला बलरामपुर-रामानुजगंज जिला अब राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के सफल क्रियान्वयन का उदाहरण बनकर उभरा है। बेहतर प्रशासनिक नेतृत्व, विभागीय समन्वय और जनसहभागिता के दम पर जिले ने कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में भी उत्कृष्ट परिणाम हासिल किए हैं।

Advertisement Carousel