महिला प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री से की मुलाकात, नारी शक्ति वंदन पर जताया आभार

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज विधानसभा स्थित कार्यालय में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा के नेतृत्व में महिला प्रतिनिधियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार मुलाकात की।
इस दौरान महिला प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का अभिनंदन करते हुए नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में आयोजित विशेष सत्र और पारित सरकारी संकल्प के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने इसे महिलाओं के सम्मान, अधिकार और सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया, जो समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का मार्ग खोलेगा।
प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश में महिलाओं के उत्थान के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए भरोसा जताया कि आने वाले समय में महिला सशक्तिकरण को और गति मिलेगी और उनकी भागीदारी हर क्षेत्र में मजबूत होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने नारी शक्ति वंदन जैसे कदमों को समाज में समानता और न्याय की दिशा में महत्वपूर्ण बताया। साथ ही कहा कि प्रदेश की महिलाएं विकास यात्रा की मजबूत भागीदार हैं और उनके बिना समग्र विकास संभव नहीं है।
अंत में मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल का आभार जताते हुए महिलाओं के सर्वांगीण विकास और अधिकारों की रक्षा के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।




