कोरबा में विकास कार्यों पर सख्त हुए मंत्री लखनलाल देवांगन, अधूरे कामों पर नोटिस और ब्लैकलिस्ट की चेतावनी

रायपुर। उद्योग, सार्वजनिक उपक्रम, आबकारी और श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने कोरबा नगर निगम के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी स्वीकृत विकास कार्य तय समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं। जो कार्य अब तक शुरू नहीं हुए हैं, उन्हें तत्काल प्रारंभ कराया जाए और जिन निर्माण एजेंसियों ने काम अधूरा छोड़ दिया है, उनके खिलाफ नोटिस जारी कर ब्लैकलिस्ट करने तक की कार्रवाई की जाए।
विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में मंत्री ने दर्री और सर्वमंगला नगर जोन के 20 वार्डों की वार्डवार प्रगति की जानकारी ली। समीक्षा में सामने आया कि कुल 166 स्वीकृत कार्यों में कई कार्य अभी भी लंबित हैं। इस पर उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
बैठक में सीसी रोड, नाली, सामुदायिक भवन, स्कूल, आंगनबाड़ी, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, तालाब गहरीकरण और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। मंत्री ने अभियंताओं को लगातार मॉनिटरिंग कर निर्माण सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करने को कहा।
स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को सफाई कार्यों में और अधिक कसावट लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण में कोरबा ने देश में आठवां स्थान प्राप्त किया है, अब लक्ष्य देश में पहला स्थान हासिल करना होना चाहिए।
गर्मी के मौसम को देखते हुए मंत्री ने पेयजल आपूर्ति बाधित होने पर तत्काल टैंकर से पानी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही नई स्ट्रीट लाइटों के कार्य में तेजी लाने को कहा।
मंत्री ने पार्षदों से अपने-अपने वार्डों की आवश्यक विकास कार्यों की सूची उपलब्ध कराने को कहा, ताकि शासन से स्वीकृति लेकर उन्हें जल्द पूरा कराया जा सके।




