सुशासन तिहार में पंडो दंपति को मौके पर मिला आयुष्मान कार्ड, अब 5 लाख तक का मुफ्त इलाज

रायपुर। राज्य सरकार की जनहितकारी पहल ‘सुशासन तिहार 2026’ ग्रामीण क्षेत्रों के लिए राहत और भरोसे का माध्यम बन रही है। आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित इस अभियान के तहत खड़गवां कला ग्राम पंचायत में आयोजित समाधान शिविर में एक प्रेरक उदाहरण सामने आया।
ग्राम निवासी पूरन कुमार पंडो और उनकी पत्नी प्रमिला पंडो ने शिविर में आयुष्मान कार्ड के लिए आवेदन किया। प्रशासनिक अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए सभी आवश्यक औपचारिकताएं तुरंत पूरी कीं और उसी दिन दोनों को आयुष्मान कार्ड सौंप दिए।
अब यह दंपति आयुष्मान भारत योजना के तहत प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक के नि:शुल्क उपचार का लाभ ले सकेगा। कार्ड मिलने के बाद पूरन कुमार पंडो ने खुशी जताते हुए कहा कि पहले छोटे-छोटे कार्यों के लिए सरकारी दफ्तरों के कई चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन अब सरकार स्वयं गांव पहुंचकर समस्याओं का समाधान कर रही है।
उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना गरीब परिवारों के लिए बड़ी राहत है। आयुष्मान कार्ड मिलने से अब उनका परिवार गंभीर बीमारी की स्थिति में बिना आर्थिक चिंता के बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठा सकेगा।




