छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

भोरमदेव कॉरिडोर निर्माण में तेजी लाने के निर्देश, डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने तय की समय-सीमा

रायपुर। कबीरधाम जिले के ऐतिहासिक भोरमदेव मंदिर परिसर में निर्माणाधीन पर्यटन कॉरिडोर का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सभी निर्माण एजेंसियों और ठेकेदारों को बेस स्ट्रक्चर और ग्राउंड वर्क को प्राथमिकता के साथ जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि परियोजना के किसी भी हिस्से में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

भोरमदेव मंदिर परिसर में आयोजित समीक्षा बैठक में विजय शर्मा ने प्रत्येक सोमवार को हो रही प्रगति समीक्षा, फील्ड पर हुए कार्य और आगामी योजनाओं की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने ठेकेदारों को पर्याप्त मैनपावर और मशीनरी तैनात करने के निर्देश दिए, ताकि कार्य की गुणवत्ता और गति दोनों बनी रहे। पर्यटन विभाग के इंजीनियरों को भी तकनीकी सहयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में मंदिर परिसर, सरोवर, मड़वा महल, छेरकी महल और सरोदा डैम से जुड़े निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई। सरोदा डैम में प्रस्तावित कैफेटेरिया को आकर्षक व्यू पॉइंट के रूप में विकसित करने और पर्यटकों के लिए बेहतर बैठने की व्यवस्था करने पर जोर दिया गया।

उप मुख्यमंत्री ने कॉरिडोर के खंभों, दीवारों और प्रवेश द्वारों में फणी नागवंशी स्थापत्य शैली की कलाकृतियों को शामिल करने के निर्देश दिए, ताकि भोरमदेव आने वाले श्रद्धालु और पर्यटक छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का अनुभव कर सकें।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button