नेतानार में अमित शाह ने देखा बदलता बस्तर, महिलाओं के हुनर और जनसुविधाओं की सराहना

रायपुर। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह सोमवार को बस्तर जिले के नेतानार गांव स्थित सीआरपीएफ कैंप पहुंचे, जहां उन्होंने शहीद वीर गुंडाधूर सेवा डेरा (जन सुविधा केंद्र) का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीण महिलाओं के स्वावलंबन, डिजिटल सेवाओं और कौशल विकास से जुड़े विभिन्न केंद्रों का अवलोकन किया।
अमित शाह ने इमली प्रसंस्करण केंद्र में प्रशिक्षण ले रही स्व-सहायता समूह की महिलाओं से बातचीत की और जाना कि किस तरह वे इमली का प्रसंस्करण कर अपनी आय बढ़ा रही हैं। बस्तर की इमली का स्वाद चखते हुए उन्होंने कहा कि यहां की इमली में खास मिठास है। समूह की लंबी नाग ने बताया कि इस कार्य से वे सालाना लगभग एक लाख रुपये तक की आय अर्जित कर सकेंगी।
सेवा सेतु केंद्र में अमित शाह ने ग्रामीण महिलाओं से मुलाकात की। सुखदेवी ने बताया कि अब गांव में ही आधार कार्ड, अपडेट, ई-केवाईसी और मोबाइल नंबर अपडेट जैसी सुविधाएं मिलने लगी हैं, जिससे उन्हें दूर जाने की जरूरत नहीं पड़ती। सोनामनी ने बताया कि महतारी वंदन योजना के लिए ई-केवाईसी अब गांव में ही आसानी से हो गया।
इस केंद्र में जन्म, आय और जाति प्रमाण पत्र जैसी ऑनलाइन सेवाओं के साथ महिलाओं को बैंक सखी का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। इसके माध्यम से ग्रामीण बैंकिंग सेवाएं गांव स्तर पर उपलब्ध होंगी।
अमित शाह ने सिलाई प्रशिक्षण केंद्र में महिलाओं से बातचीत की। प्रशिक्षण प्राप्त कर रही विजय कुमारी ने बताया कि सिलाई सीखने के बाद वे अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर सकेंगी। इसके अलावा धान डेकी प्रशिक्षण केंद्र में महिलाओं ने बताया कि चावल उत्पादन और भूसी के उपयोग से उनकी आय में वृद्धि होगी और पशुओं को पौष्टिक आहार भी मिलेगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, मुख्य सचिव अमिताभ जैन तथा अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।




