फ्रंटलाइन वर्कर्स की कार्यक्षमता बढ़ाने एक दिवसीय प्रशिक्षण, योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन पर जोर

रायपुर। योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी तथा 20 सूत्रीय कार्यान्वयन विभाग के अंतर्गत विभागीय फ्रंटलाइन वर्कर्स के लिए कर्मयोगी कर्तव्य कार्यक्रम के तहत एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। आर्थिक एवं सांख्यिकी संचालनालय के सभा कक्ष में हुए इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य फ्रंटलाइन वर्कर्स की कार्यकुशलता, क्षमता और व्यावसायिक दक्षता को बढ़ाना रहा।
प्रशिक्षण के दौरान विभागीय कार्यों और दायित्वों की प्रभावी समझ विकसित करने के साथ योजनाओं एवं कार्यक्रमों के बेहतर क्रियान्वयन के लिए जरूरी जानकारी और कौशल प्रदान किया गया। विशेषज्ञों ने विभागीय दायित्वों, कार्यप्रणाली तथा क्षेत्रीय स्तर पर कार्यों के प्रभावी निष्पादन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण और मार्गदर्शन दिया।
दायित्वों को प्रभावी और परिणामोन्मुख बनाने पर जोर
प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को अपने दायित्वों का निर्वहन अधिक प्रभावी, व्यवस्थित और परिणामोन्मुख तरीके से करने के लिए आवश्यक जानकारी दी गई। विभागीय कार्यों को बेहतर ढंग से पूरा करने और योजनाओं के क्रियान्वयन में अधिक प्रभावशीलता लाने पर विशेष ध्यान दिया गया।
अनुभव साझा कर चुनौतियों और समाधान पर चर्चा
प्रशिक्षण सत्र के दौरान फ्रंटलाइन वर्कर्स ने सक्रिय सहभागिता की। प्रतिभागियों ने क्षेत्रीय स्तर पर काम करते हुए सामने आने वाली विभिन्न चुनौतियों और उनके संभावित समाधानों से जुड़े अनुभव साझा किए। प्रशिक्षण के माध्यम से कर्तव्य के प्रति समर्पण, कार्य में दक्षता और जनसेवा की भावना को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।
विभागीय कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने और शासन की योजनाओं एवं कार्यक्रमों का लाभ आम नागरिकों तक बेहतर तरीके से पहुंचाने की दिशा में यह प्रशिक्षण महत्वपूर्ण पहल रहा।




