केशकाल में पहली बार सजा तेलीन सत्ती माता महोत्सव, सामाजिक एकता और बस्तर विकास का दिखा संदेश

उप मुख्यमंत्री अरुण साव कोण्डागांव जिले के केशकाल में आयोजित प्रथम तेलीन सत्ती माता महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। साहू संघ बस्तर संभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में वन मंत्री केदार कश्यप, सांसद महेश कश्यप, विधायक नीलकंठ टेकाम, आशाराम नेताम समेत कई जनप्रतिनिधि और समाज के प्रमुख लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अरुण साव ने तेलीन सत्ती माता को नमन करते हुए महोत्सव के सफल आयोजन पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि केशकाल घाटी से गुजरने वाले लोग माता का आशीर्वाद लेकर यात्रा शुरू करते हैं, जिससे उनकी यात्रा मंगलमय मानी जाती है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में यह महोत्सव और अधिक भव्य रूप लेगा।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गांव, गरीब और किसानों के हित में कई योजनाएं संचालित हो रही हैं। उन्होंने साहू समाज की सराहना करते हुए कहा कि समाज छत्तीसगढ़ महतारी के गौरव को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभा रहा है।
वन मंत्री केदार कश्यप ने बस्तर को सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता की पहचान बताया। उन्होंने कहा कि मां दंतेश्वरी की आस्था से पूरा बस्तर जुड़ा हुआ है और राज्य सरकार वर्ष 2030 तक बस्तर संभाग को विकसित क्षेत्र बनाने के लक्ष्य पर काम कर रही है।
सांसद महेश कश्यप ने समाज को बांटने वाली ताकतों से सावधान रहने की बात कही और सभी समाजों से एकजुट होकर विकास में भागीदारी निभाने का आह्वान किया। विधायक नीलकंठ टेकाम ने भी महोत्सव के सफल आयोजन पर बधाई दी।
इस दौरान तेलघानी बोर्ड अध्यक्ष जितेंद्र साहू, पूर्व मंत्री रमशीला साहू, ताम्रध्वज साहू, कमलचंद भंजदेव, पूर्व सांसद दीपक बैज, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. नीरेंद्र साहू और महोत्सव समिति के संयोजक राजेश मायाराम साहू सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।




