PWD विभाग में हाईटेक मॉनिटरिंग पर जोर, निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और रफ्तार बढ़ाने के निर्देश

रायपुर। लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने नवा रायपुर स्थित पीडब्ल्यूडी मुख्यालय ‘निर्माण भवन’ में वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक लेकर विभागीय कार्यों की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने निर्माण कार्यों में जनहित, तकनीकी दक्षता और पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सभी निर्माण कार्य तय समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे हों। इसके लिए आधुनिक तकनीकी उपकरणों, डिजिटलीकरण और नए सॉफ्टवेयर का अधिक उपयोग करने पर जोर दिया गया। सचिव ने टेंडर प्रक्रियाओं को पूरी पारदर्शिता के साथ समय पर पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि गुणवत्ता और गति दोनों में किसी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में अधिकारियों ने जानकारी दी कि जियो-इन्फॉर्मेटिक्स तकनीक के जरिए निर्माण कार्यों की मॉनिटरिंग, मैपिंग और प्रोजेक्ट प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है। साथ ही टेंडर प्रक्रिया, कार्य आवंटन, बिलिंग और भुगतान प्रणाली की भी जानकारी प्रस्तुत की गई।
प्रदेशभर में चल रहे निर्माण कार्यों, आगामी परियोजनाओं और तकनीकी व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। सचिव ने अधिकारियों और ठेकेदारों के कार्य निष्पादन, गुणवत्ता नियंत्रण तथा भुगतान व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में रायपुर के कचना रेलवे ओवरब्रिज निर्माण कार्य की प्रगति पर भी चर्चा की गई।




