छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

दुर्ग में हाईटेक मोबाइल फॉरेंसिक वैन की शुरुआत, घटनास्थल पर ही होगी वैज्ञानिक जांच

रायपुर। राज्य में आधुनिक पुलिसिंग और वैज्ञानिक अपराध जांच को मजबूत करने की दिशा में दुर्ग जिले को बड़ी सौगात मिली है। स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव और सांसद विजय बघेल ने अत्याधुनिक मोबाइल फॉरेंसिक वैन सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वैन क्षेत्रीय न्यायालयिक विज्ञान प्रयोगशाला के माध्यम से संचालित होगी और अपराध जांच को तेज, पारदर्शी और तकनीकी रूप से अधिक मजबूत बनाएगी।

इस हाईटेक वैन की मदद से अब घटनास्थल पर ही वैज्ञानिक साक्ष्यों का संकलन और प्रारंभिक परीक्षण किया जा सकेगा। मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि इससे गंभीर अपराधों की विवेचना अधिक प्रभावी होगी और कानून व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी। वहीं सांसद विजय बघेल ने इसे पुलिस विभाग और फॉरेंसिक विज्ञान के बीच बेहतर समन्वय की दिशा में अहम पहल बताया।

दुर्ग रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अभिषेक शांडिल्य ने जानकारी दी कि वैन अत्याधुनिक उपकरणों से लैस है, जिससे मौके पर ही तकनीकी सहायता उपलब्ध होगी और जांच में लगने वाला समय कम होगा। क्षेत्रीय न्यायालयिक विज्ञान प्रयोगशाला के प्रमुख पंकज ताम्रकार ने कहा कि बढ़ते हाईटेक अपराधों के दौर में वैज्ञानिक साक्ष्य बेहद अहम हो गए हैं और यह वैन जांच प्रणाली में बड़ा बदलाव लाएगी।

कार्यक्रम में खादी ग्रामोद्योग बोर्ड अध्यक्ष राकेश पाण्डेय, कलेक्टर अभिजीत सिंह, डीआईजी विजय अग्रवाल, अपर सत्र न्यायाधीश दीपक खोसले, अभियोजन विभाग और पुलिस प्रशासन के कई अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button