छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

सुशासन तिहार शिविर में जनता को मिली राहत, एक ही मंच पर हुआ समस्याओं का समाधान

रायपुर। कोंडागांव के चौपाटी मैदान स्थित विद्यालय परिसर में आयोजित जिला स्तरीय सुशासन तिहार शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने पहुंचकर शासन की योजनाओं का लाभ उठाया। शिविर का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का त्वरित निराकरण और मांगों का मौके पर समाधान करना रहा। कार्यक्रम में बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोण्डागांव विधायक लता उसेंडी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उनके साथ पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा, नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी समेत जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक लता उसेंडी ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर लगाए जा रहे इन शिविरों से लोगों को अलग-अलग दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। सभी विभागों के अधिकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध होने से समस्याओं का तेजी से समाधान हो रहा है। उन्होंने श्रम पंजीयन योजना, शिक्षा सहायता, विवाह सहायता और दुर्घटना सहायता जैसी योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत सोलर प्लांट लगाकर शून्य बिजली बिल और अतिरिक्त आय की संभावना भी बताई।

नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल ने कहा कि सुशासन तिहार जनता और शासन के बीच सीधा संवाद स्थापित कर रहा है। वहीं उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी ने इसे योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की प्रभावी पहल बताया। कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना ने स्वागत भाषण में सुशासन तिहार, बस्तर मुन्ने अभियान, मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान और जनगणना गतिविधियों की जानकारी देते हुए लोगों से सक्रिय भागीदारी की अपील की।

शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत तीन हितग्राहियों को आवास की चाबी सौंपी गई। तय समय से 18 माह पहले निर्माण पूरा करने पर प्रत्येक हितग्राही को 32 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि भी दी गई। इसके अलावा डिजिटल किसान किताब, बी-1 खसरा, जन्म प्रमाण पत्र, आयुष्मान कार्ड, जाति प्रमाण पत्र और पौधों का वितरण किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से गोदभराई कार्यक्रम भी आयोजित हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button