सुशासन तिहार के समाधान शिविर में गूंजी ग्रामीणों की आवाज, 17 गांवों की समस्याओं पर हुई सुनवाई

राज्य सरकार के सुशासन तिहार 2026 अभियान के तहत सूरजपुर जिले के भैयाथान विकासखंड के चंद्रमेढ़ा में आयोजित समाधान शिविर में महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त सभी आवेदनों का समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
चंद्रमेढ़ा हाईस्कूल मैदान में आयोजित इस शिविर में 17 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न मांगों और समस्याओं से जुड़े आवेदन प्रस्तुत किए। शिविर के दौरान सुशासन तिहार के तहत पहले प्राप्त 629 आवेदनों की समीक्षा की गई, जिनमें 612 मांगों और 17 शिकायतों का निराकरण किया जा चुका है। वहीं कार्यक्रम के दौरान 328 नए आवेदन भी प्राप्त हुए, जिन्हें संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए सौंपा गया।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि सरकार का उद्देश्य शासन और जनता के बीच की दूरी को कम करना तथा योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक आवेदन का गुणवत्तापूर्ण समाधान कर इसकी जानकारी संबंधित आवेदकों तक भी पहुंचाई जाए।
शिविर में जनकल्याणकारी गतिविधियों के तहत 100 पौधों का वितरण किया गया। इसके अलावा पात्र हितग्राहियों को 4 नए राशन कार्ड प्रदान किए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से 8 गर्भवती महिलाओं की गोद भराई तथा 8 शिशुओं का अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराया गया।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी दी गई। शिविर में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।




