छत्तीसगढ़ में 4 नए औद्योगिक पार्क को मंजूरी, निवेश और रोजगार को मिलेगा बड़ा बढ़ावा

छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य में औद्योगिक विकास को नई गति देने और रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। राज्य सरकार ने चार नए औद्योगिक पार्क (मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर) विकसित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। यह निर्णय मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में आयोजित उद्योग एवं वाणिज्य विभाग की राज्य स्तरीय समिति की बैठक में लिया गया।
बैठक में राजनांदगांव, धमतरी, जांजगीर-चांपा और बस्तर जिलों में आधुनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर स्थापित करने के प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई और उन्हें स्वीकृति प्रदान की गई। राजनांदगांव के पटेवा में स्पेशल मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर बनाया जाएगा, जबकि धमतरी, जांजगीर-चांपा और बस्तर के नियानार में मल्टी सेक्टर मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर विकसित किए जाएंगे।
इन औद्योगिक पार्कों के विकसित होने से राज्य में नए उद्योगों की स्थापना को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को मजबूती मिलेगी।
यह पहल केंद्र सरकार की भारत औद्योगिक योजना और छत्तीसगढ़ की औद्योगिक विकास नीति के तहत की जा रही है। राज्य सरकार ने परियोजनाओं को समयबद्ध मंजूरी और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए राज्य स्तरीय समिति का गठन किया है।
बैठक में वित्त, आवास एवं पर्यावरण, वाणिज्य एवं उद्योग, ऊर्जा तथा राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लेकर विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा की और औद्योगिक विकास से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय लिए।



