हैदराबाद में छत्तीसगढ़ का निवेश धमाका, 9,580 करोड़ के प्रस्ताव से खुलेंगे रोजगार के हजारों द्वार

छत्तीसगढ़ अब सिर्फ खनिज संपदा के लिए नहीं, बल्कि भविष्य के हाईटेक उद्योगों के बड़े केंद्र के रूप में तेजी से अपनी पहचान बना रहा है। हैदराबाद में आयोजित छत्तीसगढ़ इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रम में राज्य को बड़ी सफलता मिली है। सात प्रमुख कंपनियों ने डेटा सेंटर, सेमीकंडक्टर, सीमेंट, सौर ऊर्जा, टेक्सटाइल, फार्मा और डेयरी जैसे क्षेत्रों में 9,580 करोड़ रुपये के निवेश की घोषणा की है।
इन निवेशों से प्रदेश में 7,800 से अधिक रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उद्योगपतियों को छत्तीसगढ़ में निवेश का आमंत्रण देते हुए कहा कि राज्य विकसित भारत के ग्रोथ इंजन के रूप में तेजी से आगे बढ़ रहा है और निवेशकों के लिए यहां रेड कारपेट बिछा हुआ है।
सबसे बड़ा निवेश प्रस्ताव हाइपरनेक्स्ट डाटा सेंटर लिमिटेड की ओर से आया है, जो 4,200 करोड़ रुपये की लागत से भारत का पहला समर्पित डिजास्टर रिकवरी डेटा सेंटर कैंपस स्थापित करेगा। वहीं सीमेंट, एआई, जीपीयू इंफ्रास्ट्रक्चर, सौर ऊर्जा और टेक्सटाइल क्षेत्रों में भी बड़े निवेश प्रस्ताव सामने आए हैं।
राज्य सरकार का दावा है कि नई औद्योगिक नीति के बाद देश और विदेश में आयोजित इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रमों के जरिए छत्तीसगढ़ को 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं।




