छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

डिजिटल सुशासन में सरगुजा की बड़ी पहल, राज्य के पहले संभागीय आधिकारिक पोर्टल की हुई शुरुआत

डिजिटल सेवाओं को आम नागरिकों तक सरल और सुरक्षित रूप से पहुंचाने की दिशा में सरगुजा संभाग ने एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। संभागायुक्त नरेंद्र कुमार दुग्गा ने सरगुजा संभाग की आधिकारिक वेबसाइट का शुभारंभ किया। यह छत्तीसगढ़ के किसी भी संभाग की पहली आधिकारिक वेबसाइट है, जो प्रशासन, नागरिकों, पर्यटकों और अन्य हितधारकों को एक ही डिजिटल मंच पर विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराएगी।

राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) सरगुजा द्वारा विकसित इस पोर्टल को केंद्र सरकार के सुरक्षित S3WaaS प्लेटफॉर्म पर तैयार किया गया है। आधुनिक तकनीकों से युक्त यह वेबसाइट साइबर सुरक्षा, विश्वसनीयता और उपयोगकर्ता अनुकूल सेवाओं के उच्च मानकों को पूरा करती है। यह मोबाइल, टैबलेट और कंप्यूटर सहित सभी उपकरणों पर आसानी से संचालित होगी तथा हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध है।

वेबसाइट के जरिए सरगुजा संभाग की प्रशासनिक व्यवस्था, इतिहास, अधिकारियों की संपर्क जानकारी और सभी जिलों से जुड़ी महत्वपूर्ण सूचनाएं प्राप्त की जा सकेंगी। साथ ही पर्यटन स्थलों, सांस्कृतिक धरोहरों एवं क्षेत्रीय आयोजनों की जानकारी भी उपलब्ध होगी। नागरिकों को बी-1/पी-11, नामांतरण, राजस्व न्यायालय आवेदन और डायवर्जन जैसी ऑनलाइन राजस्व सेवाओं तक सीधी पहुंच मिलेगी।

पोर्टल पर नोटिस, निविदाएं, अधिसूचनाएं और अन्य प्रशासनिक सूचनाएं नियमित रूप से अपडेट की जाएंगी। इसके अलावा फीडबैक, मीडिया कॉर्नर, फोटो और वीडियो गैलरी जैसी सुविधाएं नागरिकों की भागीदारी को बढ़ावा देंगी।

इस अवसर पर संभागायुक्त नरेंद्र कुमार दुग्गा ने कहा कि सभी जिलों के सहयोग और एनआईसी टीम के प्रयासों से राज्य का पहला संभागीय पोर्टल तैयार हो सका है। यह पहल प्रशासन और जनता के बीच संवाद को अधिक मजबूत बनाते हुए डिजिटल सुशासन को नई दिशा देगी। कार्यक्रम में उपायुक्त आर.के. खुंटे सहित संभाग के सभी जिलों के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button