संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय और अर्थीफैक्ट्ज आर्टिजंज के बीच समझौता, युवाओं को मिलेगा AI और डिजिटल उद्यमिता का प्रशिक्षण

रायपुर। छत्तीसगढ़ के युवाओं को कौशल, स्वरोजगार और आधुनिक तकनीक से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक नई पहल शुरू हुई है। सरगुजा स्थित संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय और भोपाल की प्रतिष्ठित संस्था अर्थीफैक्ट्ज आर्टिजंज प्राइवेट लिमिटेड के बीच महत्वपूर्ण MoU पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इस साझेदारी से सरगुजा संभाग सहित पूरे प्रदेश के युवाओं और स्थानीय शिल्पकारों को नए अवसर मिलेंगे।
समझौते के तहत छात्र-छात्राओं, हस्तशिल्पियों, कुम्हारों और पारंपरिक कृषि उत्पादकों को डिजिटल तकनीक, AI आधारित प्रशिक्षण, ऑनलाइन मार्केटिंग और ब्रांडिंग की जानकारी दी जाएगी। उन्हें कंपनी रजिस्ट्रेशन और डिजिटल कैटलॉग तैयार करने जैसे व्यावहारिक कौशल भी सिखाए जाएंगे तथा प्रशिक्षण सामग्री निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।
इसके साथ ही युवाओं को LPO, BPO, सेवा, व्यापार और कॉर्पोरेट क्षेत्र में रोजगार के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे उनके लिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर करियर के नए रास्ते खुलेंगे।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजेंद्र लाकपाले की पहल पर कुलसचिव डॉ. शारदा प्रसाद त्रिपाठी और अर्थीफैक्ट्ज आर्टिजंज की डायरेक्टर अपर्णा अवस्थी ने इस समझौते पर हस्ताक्षर किए। यह पहल स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ने और युवाओं में उद्यमिता की भावना को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।



