रायपुर में कंडरा आदिवासी समाज के सामाजिक भवन का लोकार्पण, शिक्षा और संगठन पर दिया गया जोर

रायपुर के महादेव घाट में छत्तीसगढ़ कंडरा आदिवासी समाज के सामाजिक भवन का लोकार्पण, सम्मान समारोह और वार्षिक अधिवेशन आयोजित किया गया। इस अवसर पर वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने नवनिर्मित भवन का उद्घाटन किया तथा शिक्षा, खेल, सामाजिक सेवा और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों एवं प्रतिभाओं को सम्मानित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केदार कश्यप ने कहा कि किसी भी समाज की सबसे बड़ी ताकत उसकी शिक्षा, संगठन और संस्कार होते हैं। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज के युवा आज शिक्षा, प्रशासन, तकनीक, व्यवसाय, खेल और जनप्रतिनिधित्व जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं, जो विकसित होते छत्तीसगढ़ की सकारात्मक तस्वीर प्रस्तुत करता है। उन्होंने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों के युवा अब डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षक, प्रशासनिक अधिकारी और उद्यमी बनकर समाज के लिए प्रेरणा बन रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सामाजिक भवन केवल एक इमारत नहीं, बल्कि समाज की एकता, संवाद, सांस्कृतिक संरक्षण और नई पीढ़ी के मार्गदर्शन का केंद्र बनेगा। यहां विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, सांस्कृतिक गतिविधियों और सामाजिक कार्यक्रमों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
केदार कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में राज्य सरकार आदिवासी समाज के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। नई शिक्षा नीति, छात्रवृत्ति, आवासीय विद्यालय, कौशल विकास, वनाधिकार, स्वरोजगार, लघु वनोपज के बेहतर समर्थन मूल्य और महिला स्व-सहायता समूहों के सशक्तिकरण जैसी योजनाओं का लाभ समाज तक पहुंचाया जा रहा है।
उन्होंने समाज के वरिष्ठजनों से अपनी परंपराओं और संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का आग्रह किया। साथ ही युवाओं से उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, डिजिटल तकनीक और स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में सामाजिक भवन के निर्माण पर समाज को बधाई देते हुए उन्होंने विश्वास जताया कि शिक्षित युवा, संगठित समाज और मजबूत नेतृत्व के बल पर छत्तीसगढ़ कंडरा आदिवासी समाज विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।



