PM आवास योजना 2.0 को लेकर मुख्य सचिव सख्त, जिलों में भूमि चिन्हांकन और हितग्राही सत्यापन के दिए निर्देश

प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में भूमि टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में आवासीय परियोजनाओं के लिए उपयुक्त भूमि के सर्वेक्षण और चिन्हांकन की प्रगति की समीक्षा की गई।
मुख्य सचिव ने सभी जिलों के कलेक्टरों को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के तहत पात्र हितग्राहियों की पहचान तेज गति से पूरी की जाए। उन्होंने विशेष रूप से आबादी भूमि पर निवास करने वाले पात्र परिवारों का सत्यापन कर उन्हें योजना का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि नगरीय निकाय वर्तमान और भविष्य की आवासीय जरूरतों का आकलन कर विस्तृत कार्ययोजना तैयार करें, ताकि जरूरतमंद परिवारों को समय पर आवास उपलब्ध कराया जा सके। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में भी पात्र हितग्राहियों की पहचान कर आवश्यकता के अनुरूप आवास निर्माण की व्यापक योजना बनाने पर जोर दिया गया।
बैठक में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की सचिव आर. शंगीता, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की सचिव शम्मी आबिदी, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सचिव भीम सिंह सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।




