छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

कुलगाम आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के दो युवकों की हत्या, राज्य सरकार ने हरसंभव मदद का दिलाया भरोसा

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में हुए आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के दीपक रात्रे और भूपेन्द्र की हत्या की खबर से पूरे प्रदेश में शोक की लहर है। घटना की जानकारी मिलते ही उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने अपने दिल्ली प्रवास के दौरान दोनों दिवंगतों के परिजनों से दूरभाष पर बात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में छत्तीसगढ़ सरकार पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

विजय शर्मा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पीड़ित परिवारों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और आवश्यक समन्वय के साथ सभी जरूरी सहायता तत्काल उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि निर्दोष नागरिकों की हत्या मानवता के खिलाफ जघन्य अपराध है और आतंकवाद के ऐसे कायराना कृत्य किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं हैं।

उन्होंने कहा कि देश आतंकवाद के खिलाफ पूरी मजबूती से लड़ रहा है और इस हमले में शामिल आतंकियों को उनके अपराध की कड़ी से कड़ी सजा मिलेगी। साथ ही यह भी कहा कि आतंकियों को उनके कृत्य का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।

विजय शर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा दोनों पीड़ित परिवारों को 20-20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा का स्वागत करते हुए कहा कि यह निर्णय शोकग्रस्त परिवारों के लिए बड़ी राहत और संबल साबित होगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार हर परिस्थिति में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी रहेगी।

इधर, जम्मू-कश्मीर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुनील शर्मा भी घटनास्थल पर मौजूद हैं। वे स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने में जुटे हैं, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button