छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

सेवा संकल्प अभियान का आगाज, सूरजपुर में रक्तदान से गूंजा मानवता का संदेश

सेवा, सहयोग और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ में सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत हुई है। अभियान के तहत एक महीने तक जनसेवा, जनजागरूकता और सामाजिक सरोकार से जुड़े अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसी कड़ी में जिला चिकित्सालय सूरजपुर में रक्तदान शिविर लगाया गया, जिसका शुभारंभ महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने किया।

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाते हुए स्वस्थ और पात्र नागरिकों से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की। उन्होंने स्वयं स्वास्थ्य परीक्षण कराया और लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूक किया।

उन्होंने कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। किसी व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान जरूरतमंद की जिंदगी बचाने में मददगार हो सकता है। आपातकालीन परिस्थितियों में कई बार समय पर रक्त उपलब्ध नहीं हो पाता, इसलिए स्वैच्छिक रक्तदान को लेकर जागरूकता और जनभागीदारी जरूरी है।

मंत्री ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल आयोजनों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में सेवा, सहयोग और मानवता की भावना को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने छुआछूत और भेदभाव जैसी सामाजिक बुराइयों को दूर कर भाईचारे और आपसी सहयोग को बढ़ावा देने की अपील की।

उन्होंने नागरिकों से अभियान के विभिन्न कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी करने के साथ ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत 17 सितंबर की शाम घरों में दीप जलाने का आह्वान भी किया।

प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी ने रक्तदान शिविर को सेवा और मानवता की भावना को मजबूत करने वाला आयोजन बताया। वहीं जनपद पंचायत सूरजपुर की अध्यक्ष स्वाती सिंह ने रक्तदान को महादान बताते हुए स्वस्थ नागरिकों से स्वैच्छिक रक्तदान की अपील की।

शिविर में स्वास्थ्य विभाग ने रक्तदाताओं के स्वास्थ्य परीक्षण और ब्लड ग्रुप जांच सहित आवश्यक व्यवस्थाएं कीं। युवाओं समेत विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साह के साथ रक्तदान किया। इस दौरान चिकित्सक, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, महाविद्यालयीन विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button