स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा, मंत्री ने दिए सख्त निर्देश

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मंत्रालय, महानदी भवन, नवा रायपुर में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं की मौजूदा स्थिति को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में अस्पतालों में दवाइयों की उपलब्धता, साफ-सफाई, मरीजों को मिल रही सुविधाओं और चिकित्सा व्यवस्था की जिलेवार समीक्षा की गई। अधिकारियों से जानकारी लेते हुए मंत्री ने दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों तक जरूरी दवाइयों एवं चिकित्सा सुविधाओं की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि लोगों को उपचार के लिए परेशानी न उठानी पड़े।
स्वास्थ्य मंत्री ने स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर एवं जनोन्मुखी बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। अस्पतालों में स्वच्छता व्यवस्था को हर हाल में दुरुस्त रखने, जरूरी दवाओं का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने और मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही चिकित्सा उपकरणों के रखरखाव, स्टाफ की नियमित उपस्थिति और मरीजों के साथ संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग कर कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश भी दिए गए।




