सैनिक स्कूल अंबिकापुर ने मनाया 18वां स्थापना दिवस, कैडेटों की प्रतिभा और उपलब्धियों ने बिखेरी चमक

सैनिक स्कूल अंबिकापुर का 18वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास, उत्साह और गरिमामय माहौल में मनाया गया। समारोह में विद्यालय की 18 वर्षों की गौरवशाली यात्रा, शैक्षणिक उपलब्धियों और कैडेटों की प्रतिभा को विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा, कलेक्टर अजीत वसंत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार अग्रवाल सहित प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे।
समारोह की शुरुआत अतिथियों के स्वागत और गार्ड ऑफ ऑनर के साथ हुई। इसके बाद दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। सैनिक स्कूल की 18 वर्षों की यात्रा के उपलक्ष्य में अतिथियों ने केक काटकर स्थापना दिवस का उत्सव मनाया।
विद्यालय के प्राचार्य कर्नल राजेश बैंदा ने सत्र 2025-26 की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए शैक्षणिक, खेलकूद और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में कैडेटों की उपलब्धियों की जानकारी दी।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
कैडेटों ने स्वागत गीत, छत्तीसगढ़ की लोक-संस्कृति पर आधारित लोकनृत्य, मूक अभिनय, देशभक्ति समूहगान और भगवान राम के जीवन एवं आदर्शों पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इन प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया।
मंत्री राजेश अग्रवाल ने सत्र 2025-26 की विद्यालय पत्रिका का विमोचन भी किया। इस दौरान संस्कृत शिक्षक सौरभ कुमार जैन के मार्गदर्शन में कैडेटों द्वारा विकसित अभिनव ‘संस्कृत ऐप’ का अवलोकन किया गया। अतिथियों ने ऐप की उपयोगिता और नवाचार की सराहना की।
उत्कृष्ट कैडेट और हाउस हुए सम्मानित
समारोह में शैक्षणिक, खेलकूद और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेटों को सम्मानित किया गया। सर्वश्रेष्ठ सह-पाठ्यक्रम और खेलकूद प्रदर्शन के लिए कटारी हाउस एवं अरिहंत हाउस को सम्मान मिला, जबकि शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए अर्जुन सिंह हाउस और तेजस हाउस को सर्वश्रेष्ठ अकादमिक हाउस की ट्रॉफी प्रदान की गई।
विद्यालय के अधिकारियों, शिक्षकों, स्टाफ और कर्मचारियों को भी उत्कृष्ट कार्य, कर्तव्यनिष्ठा और विद्यालय के विकास में योगदान के लिए कमेंडेशन देकर सम्मानित किया गया।
मंत्री राजेश अग्रवाल ने कैडेटों को अनुशासन, परिश्रम, समर्पण और राष्ट्रसेवा को जीवन का आधार बनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सैनिक स्कूल जैसे संस्थान विद्यार्थियों में जिम्मेदारी और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के अंत में उप-प्राचार्य लेफ्टिनेंट कर्नल डॉ. पी. श्रीनिवास ने अतिथियों और उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।
ये खबर भी पढ़ें—:




