छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

राज्यपाल रमेन डेका ने सैनिक स्कूल अंबिकापुर के छात्रों को दिया सफलता का मंत्र, बोले- अनुशासन और मेहनत से तय होती है कामयाबी

राज्यपाल रमेन डेका से आज लोक भवन में सैनिक स्कूल अंबिकापुर के विद्यार्थियों ने मुलाकात कर संवाद किया। इस दौरान राज्यपाल ने विद्यार्थियों को सफलता के लिए अनुशासन, आत्मनियंत्रण और कड़ी मेहनत को जीवन का हिस्सा बनाने की प्रेरणा दी।

राज्यपाल ने कहा कि सैनिक स्कूल जैसी उत्कृष्ट संस्था में पढ़ने का अवसर मिलना विद्यार्थियों के लिए सौभाग्य की बात है। यहां पढ़ाई के साथ अनुशासन, समय की पाबंदी और शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है। उन्होंने कहा कि सफलता की बुनियाद अनुशासन है।

उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वर्तमान समय में पढ़ाई, नौकरी और करियर को लेकर तनाव बड़ी चुनौती बन रहा है। इससे निपटने के लिए उपलब्ध परिस्थितियों में संतुष्ट रहना, अपनी क्षमताओं को पहचानना और ऊर्जा को सही दिशा में लगाना जरूरी है। मन पर नियंत्रण रखते हुए योग्यता और क्षमता का सही इस्तेमाल किया जाए तो सफलता हासिल की जा सकती है।

राज्यपाल ने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर उसे हासिल करने के लिए पूरी लगन और मेहनत से प्रयास करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि कठोर परिश्रम का कोई विकल्प नहीं है। योग्यता के साथ निरंतर मेहनत सफलता की राह आसान बनाती है।

उन्होंने विद्यार्थियों से गुरुजनों और पालकों की बातों को गंभीरता से सुनने के साथ निर्णय लेते समय अपनी बुद्धि और तर्क का इस्तेमाल करने को कहा। साथ ही अपनी ‘थिंकिंग प्रोसेस’ को हमेशा सक्रिय रखने की सलाह दी।

संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने राज्यपाल से उनके जीवन, करियर और सार्वजनिक जीवन से जुड़े कई सवाल पूछे। राज्यपाल ने सहजता से उनके प्रश्नों के जवाब दिए और संवैधानिक पद की जिम्मेदारियों के साथ अपने सार्वजनिक जीवन के अनुभव भी साझा किए। विद्यार्थियों को लोक भवन का भ्रमण भी कराया गया। इस अवसर पर सैनिक स्कूल अंबिकापुर के शिक्षकगण मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button