सेवा संकल्प अभियान पर बड़ा फोकस, कलेक्टरों को मुख्य सचिव के सख्त निर्देश

रायपुर। सेवा संकल्प अभियान को प्रदेश में जनभागीदारी और सामाजिक सहयोग का मजबूत माध्यम बनाने की तैयारी तेज हो गई है। मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन से वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए सभी जिलों के कलेक्टरों के साथ अभियान की तैयारियों और गतिविधियों की समीक्षा की गई। यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया जा रहा है।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों से कहा कि अभियान को केवल आयोजन तक सीमित न रखा जाए, बल्कि अधिक से अधिक लोगों, स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों और युवाओं को इससे जोड़ा जाए। ब्लॉक और तहसील स्तर पर आयोजित होने वाले सेवा शिविरों में लोगों की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
शिविरों में केंद्र सरकार की चिन्हित 26 प्रमुख योजनाओं को शामिल कर पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने पर जोर दिया गया। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और लोक सेवा गारंटी से जुड़े लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा कर समय-सीमा में समाधान के निर्देश दिए गए।
23 से 25 सितंबर तक नगरीय निकाय क्षेत्रों में तथा 2 से 8 अक्टूबर तक प्रदेशभर में ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत सेवा, स्वच्छता, अन्न-वस्त्र दान, शिक्षा सहयोग, कौशल प्रशिक्षण, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य जांच, रक्तदान, अंगदान और महिला सशक्तिकरण जैसी गतिविधियां होंगी।
हरित छत्तीसगढ़ अभियान के तहत ‘एक पेड़ मां के नाम’ पहल से स्थानीय प्रजातियों के 10 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं दान उत्सव के दौरान अनाथालयों, वृद्धाश्रमों और जरूरतमंद वर्गों तक सहायता पहुंचाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
मुख्य सचिव ने देहदान और अंगदान करने वाले परिवारों को सम्मानित करने तथा अंगदान को लेकर लगातार जागरूकता कार्यक्रम चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने सेवा सेतु शिविरों में प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने और अधिकारियों को परिणाम आधारित तरीके से काम करने को कहा।
फसल गिरदावरी सर्वे में शुद्धता और विश्वसनीयता बनाए रखने, जल जीवन मिशन की साप्ताहिक समीक्षा करने तथा स्वच्छ भारत मिशन के लक्ष्यों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए। मुख्य सचिव ने कलेक्टरों को जिले का नेतृत्व करते हुए अभियान की गतिविधियों की नियमित मॉनिटरिंग और उपलब्धियों की जानकारी व्यवस्थित रूप से दर्ज करने को कहा।


