छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

सियान सेवा महाकुंभ में वरिष्ठजनों को बड़ी सौगात, 1810 बुजुर्गों को फ्री बस पास और हजारों को सहायक उपकरण

अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत रायपुर के बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम, बूढ़ापारा में ‘सियान सेवा महाकुंभ’ का आयोजन किया गया। समाज कल्याण तथा महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने वरिष्ठजनों से संवाद कर उन्हें वृद्धजन दिवस की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में 4 हजार से अधिक वरिष्ठजन लाभान्वित हुए।

महाकुंभ में ‘सियान आशीष सेवा योजना’ के तहत 80 वर्ष से अधिक आयु के 1810 वरिष्ठ नागरिकों को पूरे भारत में निशुल्क यात्रा के लिए बस पास प्रदान किए गए। इसके अलावा जरूरतमंद वरिष्ठजनों को 2 हजार छड़ियां, 1 हजार श्रवण यंत्र और 20 ट्राइसाइकिल वितरित की गईं। इन सुविधाओं से वरिष्ठजनों के आवागमन और दैनिक जीवन को आसान बनाने का प्रयास किया गया।

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि वरिष्ठजन समाज की सांस्कृतिक विरासत और जीवन अनुभव के संवाहक हैं। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों का सम्मान केवल परंपरा नहीं, बल्कि उनके अनुभव को समाज के विकास से जोड़ने की जिम्मेदारी भी है। उन्होंने वरिष्ठजनों को आज के विकास में सक्रिय भागीदार बताया।

राजवाड़े ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में वृद्धजन कल्याण को केवल पेंशन तक सीमित नहीं रखा गया है। स्वास्थ्य, देखभाल, आवागमन, सामाजिक सहभागिता और सम्मानजनक जीवन पर भी फोकस किया जा रहा है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के लिए 400 करोड़ और मुख्यमंत्री पेंशन योजना के लिए 450 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है। विभाग की विभिन्न योजनाओं से प्रदेश के 15,90,080 वरिष्ठजन लाभान्वित हो रहे हैं।

मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के जरिए अब तक 2 लाख 55 हजार 845 वरिष्ठजनों को आध्यात्मिक यात्रा का लाभ मिलने की जानकारी भी दी गई। वहीं वरिष्ठ नागरिकों की सहायता के लिए सियान हेल्पलाइन 155326 की जानकारी साझा की गई।

रायपुर प्रशासन की दो नई पहल

अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर रायपुर जिला प्रशासन ने ‘प्रोजेक्ट सियान आशीष सेवा’ और ‘प्रोजेक्ट सियान श्रम सम्मान’ की शुरुआत की। आशीष सेवा के तहत 80 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठजनों को देशभर में यात्रा के लिए निशुल्क बस पास उपलब्ध कराने की पहल की गई।

वहीं ‘सियान श्रम सम्मान’ के तहत लंबे समय से पंजीकृत निर्माण श्रमिकों को कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा जा रहा है। इसके तहत 60 वरिष्ठ श्रमिकों को लाभ दिया गया। 60 वर्ष की आयु के बाद पात्र निर्माण श्रमिकों को मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक पेंशन सहायता योजना के तहत 1500 रुपये मासिक पेंशन और पात्र 59-60 वर्ष के श्रमिकों को मुख्यमंत्री श्रमिक सियान सहायता योजना के तहत 20 हजार रुपये की एकमुश्त सहायता का प्रावधान है।

कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में वरिष्ठजन मौजूद रहे।

ये खबर भी पढ़ें —:

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button