गांधी जयंती पर सीएम साय ने किया बापू को नमन, शास्त्री के ‘जय जवान-जय किसान’ मंत्र को किया याद

नई दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ सदन में गांधी जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दोनों महान नेताओं को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके योगदान को याद किया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और मानवता के रास्ते पर चलते हुए पूरी दुनिया को शांति और सद्भाव का संदेश दिया। गांधी के विचारों में समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण के साथ आत्मनिर्भर भारत की सोच भी दिखाई देती है। उनका जीवन सत्य के मार्ग पर अडिग रहकर समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी निभाने की प्रेरणा देता है।
वहीं, मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के सादगीपूर्ण जीवन, दृढ़ नेतृत्व और राष्ट्र के प्रति समर्पण को याद किया। उन्होंने कहा कि शास्त्री का जीवन आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि शास्त्री द्वारा दिया गया ‘जय जवान-जय किसान’ का मंत्र देश की सुरक्षा और आर्थिक समृद्धि में जवानों और किसानों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करता है।
उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के विचार और आदर्श आज भी जनकल्याण, सुशासन और राष्ट्रसेवा की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।




