सिंगापुर पहुंचे CM विष्णु देव साय, ग्लोबल निवेशकों के सामने रखेंगे छत्तीसगढ़ का निवेश मॉडल

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय राज्य में निवेश की नई संभावनाओं को बढ़ाने के उद्देश्य से सिंगापुर पहुंचे हैं। सिंगापुर पहुंचने पर भारत के उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक अंबुले ने मुख्यमंत्री साय का स्वागत किया।
भारत सरकार के विदेश मंत्रालय ने प्रथम SING फोरम 2026 में भागीदारी के लिए छत्तीसगढ़ को नामित किया है। सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन द्वारा आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ को अपनी विकास उपलब्धियों, संसाधनों और निवेश की संभावनाओं को वैश्विक निवेशकों के सामने रखने का अवसर मिलेगा।
मुख्यमंत्री साय SING फोरम 2026 में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे। फोरम के दौरान आयोजित CEO राउंडटेबल में वे सिंगापुर के प्रमुख निवेशकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा करेंगे। इस दौरान छत्तीसगढ़ में निवेश के अवसरों और विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध संभावनाओं को सामने रखा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार नई औद्योगिक नीति, प्राकृतिक संसाधनों, बेहतर अधोसंरचना, कुशल मानव संसाधन और उभरते क्षेत्रों की संभावनाओं के जरिए छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख निवेश गंतव्यों में स्थापित करने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि वैश्विक निवेश मानचित्र पर छत्तीसगढ़ की मजबूत पहचान बनाना सरकार की प्राथमिकता है।
SING फोरम 2026 में मुख्यमंत्री की भागीदारी के जरिए छत्तीसगढ़ को अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के सामने अपनी विकास क्षमता और निवेश अवसरों को प्रस्तुत करने का मंच मिलेगा। इससे राज्य में संभावित औद्योगिक एवं व्यावसायिक साझेदारियों पर चर्चा का रास्ता खुल सकता है।



