छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में गूंजा सेवा का संदेश, वडनगर-वाराणसी बाइक यात्रा का जोरदार स्वागत

सेवा संकल्प अभियान के तहत “जन सेवा से राष्ट्र सेवा के 25 वर्ष” की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से निकली वडनगर-वाराणसी सेवा यात्रा की 25वीं वर्षगांठ बाइक यात्रा का मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में उत्साहपूर्ण स्वागत किया गया। “वडनगर से वाराणसी, वाराणसी से वडनगर” संदेश और “सेवा संकल्प कलश” के साथ पहुंची बाइक रैली ने सेवा, सहभागिता और विकसित भारत के संकल्प का संदेश दिया।

नगर पंचायत खोंगापानी के घुटरीटोला में बाइक रैली का स्वागत जिले के प्रभारी एवं कृषि मंत्री रामविचार नेताम, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, जिला अध्यक्ष चंपा देवी पावले, नगर पालिका परिषद मनेन्द्रगढ़ की अध्यक्ष प्रतिमा यादव, उपाध्यक्ष धर्मेंद्र पटवा, नगर पंचायत नई लेदरी के अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह राणा सहित जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने किया। इस दौरान सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों और जनसेवा से राष्ट्रसेवा तक की भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया गया।

घुटरीटोला में स्वागत के बाद बाइक रैली श्याम हेरिटेज, मनेन्द्रगढ़ पहुंची। रास्ते में भी नागरिकों ने रैली का उत्साह के साथ स्वागत किया। बाइकर्स ने सेवा, समर्पण और विकसित भारत के निर्माण का संदेश दिया।

प्रभारी एवं कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि यह बाइक यात्रा सेवा, समर्पण और राष्ट्रनिर्माण का संदेश लेकर जिले में पहुंची है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, खेल, रोजगार, नवाचार और सामाजिक सेवा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान जनसेवा से राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में गांव, गरीब, किसान, युवा और महिलाओं की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से स्वच्छता, स्वास्थ्य जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण के लिए सहयोग की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को स्वच्छता किट और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में लालपुर की रीना बाई, चौनपुर की राधिका बाई एवं रामप्रसाद सादजी, चौघड़ा की शांति बाई, बौरीडांड की शीता सिंह, सुभागिया बाई, सुनीता बाई और गनमतिया बाई शामिल रहीं।

आयोजन के दौरान विभिन्न विभागों की योजनाओं का लाभ भी हितग्राहियों तक पहुंचाया गया। इस तरह बाइक यात्रा ने जहां जनसेवा और राष्ट्रसेवा का संदेश दिया, वहीं सरकारी योजनाओं के माध्यम से सेवा की भावना को जमीनी स्तर पर पहुंचाने का प्रयास भी किया गया।

ये खबर भी पढ़ें —:

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button