छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

गांधी-शास्त्री को मनेन्द्रगढ़ में नमन, सेवा संकल्प अभियान के बीच गूंजा स्वच्छता और जनसेवा का संदेश

मनेन्द्रगढ़ में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। गांधी चौक स्थित स्मारक पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में जिले के प्रभारी एवं कृषि मंत्री रामविचार नेताम सहित जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने दोनों महान विभूतियों को नमन किया।

कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद मनेन्द्रगढ़ की अध्यक्ष प्रतिमा यादव, उपाध्यक्ष धर्मेन्द्र पटवा, पूर्व संसदीय सचिव चंपादेवी पावले, कलेक्टर संतन देवी जांगड़े और जिला पंचायत सीईओ अंकिता सोम ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के स्मारक पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

गांधी के सत्य-अहिंसा और शास्त्री की सादगी को किया याद

इस अवसर पर प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि गांधी ने सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और जनसेवा के माध्यम से देश को नई दिशा दिखाई, जबकि लाल बहादुर शास्त्री ने सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा की मिसाल पेश की।

उन्होंने कहा कि दोनों महापुरुषों के विचार आज भी समाज और राष्ट्र के लिए प्रेरणादायक हैं। गांधी के सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों को जीवन में अपनाकर समाज और देश के विकास में योगदान देना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

सेवा संकल्प अभियान में स्वच्छता का संदेश

गांधी जयंती के अवसर पर सशक्त एमसीबी-सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत स्वच्छता दिवस के रूप में भी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और अपने आसपास के वातावरण को साफ-सुथरा रखने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह, अपर कलेक्टर नम्रता डोगरे, एसडीएम लिंगराज सिदार, विजयेंद्र सारथी सहित तहसीलदार, पार्षद, जनप्रतिनिधि और जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।

ये खबर भी पढ़ें —:

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button