छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

सेवा संकल्प अभियान में रक्तदान की मिसाल, 11 लोगों ने दिया जीवन बचाने का संदेश

महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि स्वैच्छिक रक्तदान जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनरक्षक सहयोग है। आपात स्थिति में रक्त की उपलब्धता बनाए रखने के लिए समाज के जागरूक नागरिकों की भागीदारी बेहद जरूरी है। उन्होंने युवाओं समेत सभी पात्र नागरिकों से रक्तदान के लिए आगे आने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।

सेवा संकल्प अभियान के तहत विकासखंड भैयाथान के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सलका में रक्तदान एवं निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े शिविर में शामिल हुईं। इस दौरान 11 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया, जबकि 77 नागरिकों की स्वास्थ्य जांच की गई। मंत्री ने रक्तदाताओं का सम्मान कर उनका उत्साह बढ़ाया।

मंत्री ने कहा कि कई गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान और बेहतर उपचार के लिए स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहना जरूरी है। नागरिकों को शासन की ओर से उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेना चाहिए और नियमित स्वास्थ्य जांच करानी चाहिए। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान समाज के हर वर्ग को सेवा और जनकल्याण की गतिविधियों से जोड़ने का अवसर है।

लक्ष्मी राजवाड़े ने छुआछूत और भेदभाव जैसी सामाजिक बुराइयों को समाप्त कर समानता, सद्भाव और भाईचारे को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी के जरिए सेवा और राष्ट्र निर्माण की भावना को आगे बढ़ाना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।

वन विकास निगम के अध्यक्ष रामसेवक पैकरा ने कहा कि रक्तदान समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का ऐसा कार्य है, जिससे किसी जरूरतमंद को नया जीवन मिल सकता है। उन्होंने युवाओं से स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देने की अपील की।

शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों को रक्तदान के महत्व और स्वास्थ्य संबंधी जरूरी जानकारी दी। कार्यक्रम में खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. राकेश सिंह, बीपीएम कंचन देवांगन, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, आरएचओ, सीएचओ, स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी और ग्रामीणजन मौजूद रहे।

ये खबर भी पढ़ें —:

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button