नारायणपुर में बच्चों ने रंगों और शब्दों से गढ़ा ‘विकसित भारत’, 650 विद्यार्थियों ने दिखाया हुनर

नारायणपुर के बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत जिला स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। ‘विकसित भारत @2047’ के संकल्प को बच्चों की रचनात्मकता और जनभागीदारी से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न स्कूलों से पहुंचे करीब 650 विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में प्राथमिक से लेकर हायर सेकेंडरी स्तर तक के विद्यार्थियों ने नक्सलवाद मुक्त समाज, डिजिटल इंडिया, सेना का शौर्य, नया कश्मीर, महिला सशक्तिकरण और ‘मेरे सपनों का भारत’ जैसे विषयों पर अपनी कल्पनाओं और विचारों को सामने रखा। चित्रकला में बच्चों ने रंगों और रेखाओं के जरिए शांति, सुरक्षा, स्वच्छता, तकनीकी विकास और सामाजिक समानता वाले भारत की तस्वीर पेश की। वहीं भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने युवाओं की भूमिका और सुरक्षित समाज की जरूरत पर अपने विचार रखे।
कार्यक्रम में शासकीय प्राथमिक शाला खासपारा कन्हारगांव के कक्षा चौथी के छात्र सचिन कश्यप ने अपने आत्मविश्वास और प्रभावशाली भाषण से खास छाप छोड़ी। उसके भाषण पर पूरा सभागार तालियों से गूंज उठा।
भाषण के प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक वर्ग में सचिन कश्यप प्रथम, शासकीय कन्या बुनियादी ग्रांजी की लक्ष्मी यादव द्वितीय और पोर्टा केबिन ओरछा के भावेश पटेल तृतीय रहे। हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी वर्ग में सेजेस ओरछा की यामिनी पोयम प्रथम, सेजेस बखरूपारा की विजय लक्ष्मी चौहान द्वितीय और डेविड नेताम तृतीय स्थान पर रहे।
चित्रकला के प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक वर्ग में प्राथमिक शाला पातुरबेड़ा की भारतीय यादव ने प्रथम, बालक बुनियादी ग्रांजी के विनय नायक ने द्वितीय और कन्या आश्रम चालचेर ओरछा की चूलबाती उसेंडी ने तृतीय स्थान हासिल किया। हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी वर्ग में सुमित कुमार गोटा प्रथम, रामकृष्ण मिशन विद्यालय नारायणपुर के अर्जुन कुमार ध्रुव द्वितीय और पोर्टा केबिन ओरछा के अमित गावड़े तृतीय रहे।
अंत में विजेता विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने बच्चों की प्रतिभा और रचनात्मक सोच की सराहना करते हुए उन्हें देश के उज्ज्वल भविष्य का निर्माता बताया।
ये खबर भी पढ़ें —:




