कोरबा। शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कोरबा में विकास कार्यों का विस्तार किया जा रहा है। इसी कड़ी में वाणिज्य एवं उद्योग, वाणिज्यिक कर (आबकारी) एवं श्रम मंत्री तथा नगर विधायक लखन लाल देवांगन और महापौर संजू देवी राजपूत ने सीएसईबी चौक पर 16.15 लाख रुपये की लागत से तैयार वेटिंग शेड का लोकार्पण किया। इसके साथ ही नगर निगम क्षेत्र के तीन प्रमुख मार्गों पर लगाई गई 195 नई स्ट्रीट लाइटों की भी शुरुआत की गई।
वेटिंग शेड बनने से अब सीएसईबी चौक पर सिग्नल खुलने का इंतजार करने वाले लोगों को तेज धूप और बारिश से राहत मिलेगी। वहीं, नई स्ट्रीट लाइटें शुरू होने से प्रमुख मार्गों पर रात के समय बेहतर रोशनी रहेगी, जिससे आवागमन आसान होने के साथ नागरिकों की सुरक्षा भी मजबूत होगी।
लोकार्पण कार्यक्रम में मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि शहरवासियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। सीएसईबी चौक के दूसरी ओर भी वेटिंग शेड का निर्माण जल्द पूरा किया जाएगा। इसके अलावा यात्रियों की सुविधा के लिए सुलभ शौचालय का निर्माण भी शीघ्र पूर्ण करने की तैयारी है।
उन्होंने कहा कि सीएसईबी चौक को व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। जिला खनिज न्यास मद से जनहित और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि विकास का लाभ सीधे आम लोगों तक पहुंचे।
महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि नगर निगम के सभी वार्डों में जरूरत के मुताबिक छोटे-बड़े विकास कार्य कराए जा रहे हैं। मुख्य मार्गों के डामरीकरण सहित बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
तीन प्रमुख मार्गों पर 195 स्ट्रीट लाइटें शुरू
शहर में जिन तीन मार्गों पर नई स्ट्रीट लाइटें लगाई गई हैं, उनमें राताखार मुख्य मार्ग से पुराने पुल होते हुए मुक्तिधाम तक 44 लाइटें शामिल हैं। वहीं, वार्ड क्रमांक 51 और 52 में रामनगर चौक से सिपेट होते हुए अयोध्यापुरी तक 80 स्ट्रीट लाइटें लगाई गई हैं।
इसके अलावा वार्ड क्रमांक 58 के सरदार वल्लभभाई पटेल नगर में जमनीपाली पेट्रोल पंप चौक से कॉरपोरेशन साइट प्रधानमंत्री आवास तक 71 एलईडी स्ट्रीट लाइटें स्थापित की गई हैं।
रामनगर-अयोध्यापुरी मार्ग पर स्ट्रीट लाइट लगाने में 25.50 लाख रुपये और जमनीपाली मार्ग पर 25.25 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। इन नई लाइटों से शहर के प्रमुख रास्तों पर रात के समय रोशनी की बेहतर व्यवस्था होगी।
कार्यक्रम में पार्षद लक्ष्मण श्रीवास, राम कुमार साहू, मथुरा चंद्रा, मुकुंद कंवर, प्रफुल्ल तिवारी, योगेश मिश्रा, वैभव शर्मा, विजय गुप्ता, राजेश राठौर, मनोज लहरे, सरोज शांडिल्य, परमिंदर सिंह, अजय चंद्रा, फिरथ साहू सहित एमआईसी सदस्य, एल्डरमैन और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
ये खबर भी पढ़ें —:










Leave a Reply