छत्तीसगढ़ में धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने और दूसरे राज्यों से अवैध रूप से धान लाकर खपाने की कोशिशों पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। इसी कड़ी में जशपुर जिले के दुलदुला तहसील क्षेत्र में झारखंड से धान लेकर आ रहे दो पिकअप वाहनों को प्रशासनिक टीम ने पकड़कर जब्त कर लिया।
कलेक्टर रोहित व्यास के निर्देश पर चलाए जा रहे जांच अभियान के तहत 24 अक्टूबर की रात तहसीलदार दुलदुला राहुल कौशिक और खाद्य निरीक्षक संदीप गुप्ता ने यह कार्रवाई की। जांच में सामने आया कि दोनों पिकअप वाहनों में झारखंड के कुरडेग से धान लोड किया गया था, जिसे छत्तीसगढ़ के नारायणपुर चराईमारा ले जाया जा रहा था।
कार्रवाई के दौरान वाहन चालकों के पास धान परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला। इसके बाद प्रशासनिक टीम ने दोनों पिकअप वाहनों के साथ उनमें लदे धान को भी जब्त कर लिया। जब्त वाहनों और धान को आगे की कार्रवाई के लिए थाना दुलदुला के सुपुर्द किया गया है। वहीं, प्रकरण तैयार करने के लिए मंडी निरीक्षक को भी सूचना दी गई है।
सीमावर्ती इलाकों में प्रशासन की पैनी नजर
दुलदुला तहसील झारखंड की सीमा से सटी हुई है। धान खरीदी के दौरान दूसरे राज्यों से धान लाकर छत्तीसगढ़ में खपाने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी तेज कर दी है।
प्रशासन का उद्देश्य अवैध धान परिवहन पर अंकुश लगाने के साथ सरकारी धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखना है। इसके लिए जिले में लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध परिवहन के मामलों में कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
ये खबर भी पढ़ें —:










Leave a Reply