राज्योत्सव 2026 में 36 श्रेणियों में होगा राज्य अलंकरण, मंत्री राजेश अग्रवाल ने घोषित किए नाम

State awards to be presented in 36 categories during Rajyotsav 2026; Minister Rajesh Agrawal announces the names.
आर्टिकल अच्छा लगे तो शेयर करें

छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित राज्योत्सव 2026 इस बार प्रदेश की प्रतिभाओं और उपलब्धियों के सम्मान का विशेष मंच बनने जा रहा है। प्रदेश की कला, संस्कृति, साहित्य, पत्रकारिता, खेल, शिक्षा, कृषि, समाजसेवा और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को प्रतिष्ठित राज्य अलंकरण से सम्मानित किया जाएगा। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने रायपुर स्थित महंत घासीदास स्मारक संग्रहालय परिसर में आयोजित पत्रकार वार्ता में 36 श्रेणियों के राज्य अलंकरण पुरस्कारों की घोषणा की।

मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि राज्य अलंकरण सम्मान प्रदेश की प्रतिभाओं के समर्पण, मेहनत और समाज के प्रति उनके योगदान को सम्मान देने का महत्वपूर्ण अवसर है। इन पुरस्कारों का उद्देश्य छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत, लोकपरंपराओं और सामाजिक मूल्यों को संरक्षित करने के साथ-साथ उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना है।

आदिवासी उत्थान और समाजसेवा के क्षेत्र में सम्मान

घोषित सूची के अनुसार आदिवासी सामाजिक चेतना एवं उत्थान के लिए शहीद वीरनारायण सिंह स्मृति सम्मान धमतरी के डुमन लाल ध्रुव को दिया जाएगा। अहिंसा एवं गौरक्षा के लिए यति यतनलाल सम्मान विश्व गीता धेनू गोविन्द पक्षी सेवा धाम, कुम्हारी को मिलेगा।

महिला उत्थान के लिए मिनीमाता सम्मान लोक आस्था सेवा संस्थान की लता नेताम को दिया जाएगा। सामाजिक चेतना एवं अनुसूचित जाति उत्थान के लिए गुरु घासीदास सम्मान सुखचंद भास्कर को प्रदान किया जाएगा। सहकारिता के क्षेत्र में ठाकुर प्यारेलाल सिंह पुरस्कार धनसिंह बघेल को मिलेगा। वहीं सामाजिक समरसता के लिए महाराजा अग्रसेन सम्मान बाबूलाल अग्रवाल को दिया जाएगा।

ये खबर भी पढ़ें —: नवा रायपुर के आसमान में सारंग का शौर्य, पांच हेलीकॉप्टरों के हैरतअंगेज करतबों ने थामी सांसें!

साहित्य, संगीत और लोककलाओं की प्रतिभाओं को पहचान

छत्तीसगढ़ी और हिन्दी साहित्य, रंगमंच, लोकसंगीत तथा नृत्य के क्षेत्र में भी कई प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। हबीब तनवीर सम्मान डॉ. पुरुषोत्तम चन्द्राकर, पंडित सुन्दरलाल शर्मा सम्मान डॉ. बिहारीलाल साहू और चक्रधर सम्मान डॉ. एम. श्रीराम मूर्ति को प्रदान किया जाएगा।

दाऊ मंदराजी सम्मान रेखा जलक्षत्री, लक्ष्मण मस्तुरिया सम्मान साधना यादव, देवदास बंजारे स्मृति पंथी नृत्य पुरस्कार सी.एल. रात्रे और खुमान साव सम्मान चंद्रभूषण वर्मा को मिलेगा। इसके अलावा लाला जगदलपुरी साहित्य पुरस्कार दुर्गा प्रसाद पारकर तथा संत रविदास सम्मान जगदीश प्रसाद देशमुख को प्रदान किया जाएगा।

पत्रकारिता के क्षेत्र में इन नामों का हुआ चयन

पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दी प्रिंट मीडिया के लिए चन्दूलाल चन्द्राकर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार प्रमोद कुमार साहू को दिया जाएगा। हिन्दी इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के लिए यही पुरस्कार वरुण सखाजी और रसिका पाण्डेय को संयुक्त रूप से मिलेगा।

अंग्रेजी प्रिंट मीडिया के लिए मधुकर खेर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार शिशिर राय चौधरी को प्रदान किया जाएगा। वहीं पंडित माधवराव सप्रे राष्ट्रीय रचनात्मकता सम्मान वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक अनंत विजय को दिया जाएगा।

खेल, कृषि और चिकित्सा के क्षेत्र में भी सम्मान

खेल के क्षेत्र में गुण्डाधूर सम्मान संजू देवी तथा महाराजा प्रवीरचंद्र भंजदेव सम्मान टोमन कुमार को मिलेगा। कृषि के क्षेत्र में डॉ. खूबचंद बघेल कृषक रत्न पुरस्कार पुन्नी दास भट्ट को प्रदान किया जाएगा।

आयुर्वेद चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान के लिए धन्वन्तरि सम्मान डॉ. दिनेश कुमार नाग और मत्स्य पालन के लिए श्रीमती बिलासाबाई केंवट मत्स्य विकास पुरस्कार प्रदीप कुमार सोनी को दिया जाएगा।

सिनेमा, पंडवानी और महिला सशक्तिकरण में योगदान का सम्मान

हिन्दी एवं छत्तीसगढ़ी सिनेमा में रचनात्मक योगदान के लिए किशोर साहू सम्मान करन खान को दिया जाएगा। निर्देशन के क्षेत्र में किशोर साहू राष्ट्रीय अलंकरण मोहन सुंदरानी को प्रदान किया जाएगा। पंडवानी कला के लिए डॉ. तीजन बाई सम्मान चेतन लाल देवांगन को मिलेगा।

महिला उत्पीड़न के खिलाफ संघर्ष एवं नारी उत्थान के लिए माता बहादुर कलारिन सम्मान बुलबुल बैद्या को दिया जाएगा। विधि के क्षेत्र में बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल सम्मान कौस्तुभ शुक्ला और हेमन्त कुमार मिश्र को संयुक्त रूप से प्रदान किया जाएगा। ग्रामीण पर्यटन के लिए चेंदरू राज्य ग्रामीण पर्यटन पुरस्कार सत्येन्द्र कुमार उपाध्याय को मिलेगा।

इसके अलावा संस्कृत भाषा, आदिवासी सेवा, श्रम, अपराध अनुसंधान और अप्रवासी भारतीयों के योगदान को भी राज्य अलंकरण में स्थान दिया गया है।

नई पीढ़ी को मिलेगी प्रेरणा

मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि राज्य अलंकरण केवल पुरस्कार नहीं, बल्कि प्रतिभा, परिश्रम और सामाजिक जिम्मेदारी का सम्मान है। राज्य स्थापना दिवस पर आयोजित यह समारोह प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान और गौरवशाली परंपराओं को नई पहचान देगा।

उन्होंने सभी चयनित विभूतियों और संस्थाओं को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियां आने वाली पीढ़ियों को बेहतर कार्य करने और छत्तीसगढ़ के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित करेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *