नवा रायपुर के आसमान में सारंग का शौर्य, पांच हेलीकॉप्टरों के हैरतअंगेज करतबों ने थामी सांसें!

The prowess of 'Sarang' in the skies over Naya Raipur—the breathtaking stunts performed by five helicopters left everyone holding their breath!
आर्टिकल अच्छा लगे तो शेयर करें

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर नवा रायपुर का सेंध लेक भारतीय वायु सेना के शौर्य, साहस और अद्भुत उड़ान कौशल का गवाह बना। भारतीय वायु सेना की विश्वप्रसिद्ध सारंग एयरोबेटिक डिस्प्ले टीम ने अपने शानदार हवाई प्रदर्शन की फुल ड्रेस रिहर्सल से दर्शकों को रोमांचित कर दिया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी इस भव्य आयोजन के साक्षी बने।

कार्यक्रम में आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम, गरुड़ कमांडोज और सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम के जवानों ने अपने असाधारण कौशल का प्रदर्शन किया। आसमान से पैराशूट के जरिए उतरते जांबाजों से लेकर हेलीकॉप्टरों के हैरतअंगेज करतबों तक हर प्रस्तुति ने दर्शकों में उत्साह भर दिया।

आकाशगंगा टीम ने दिखाई आसमान से छलांग लगाने की ताकत

हवाई प्रदर्शन की शुरुआत आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम ने की। टीम के जवानों ने ऊंचाई से छलांग लगाकर पैराशूट को नियंत्रित करते हुए निर्धारित स्थान पर सटीक लैंडिंग की। उनके साहस और संतुलन को देखकर दर्शकों ने तालियों से स्वागत किया।

इसके बाद गरुड़ कमांडोज ने एमआई-17 हेलीकॉप्टर से रस्सियों के सहारे नीचे उतरकर रेस्क्यू और कॉम्बैट ऑपरेशन का प्रदर्शन किया। इस दौरान कमांडोज ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई और विशेष सैन्य प्रशिक्षण की झलक दिखाई।

पांच हेलीकॉप्टरों के करतब ने बढ़ाया रोमांच

कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण सारंग टीम का प्रदर्शन रहा। ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार के नेतृत्व में पांच हेलीकॉप्टरों ने आसमान में आकर्षक फॉर्मेशन बनाते हुए कई हैरतअंगेज करतब दिखाए। हेलीकॉप्टरों के एक-दूसरे के बेहद करीब से गुजरने वाले क्रॉसओवर प्रदर्शन ने दर्शकों की सांसें थाम दीं।

इस दौरान कॉकपिट से ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’ का उद्घोष भी किया गया, जिससे उपस्थित लोगों का उत्साह दोगुना हो गया।

तिरंगे की फॉर्मेशन से गूंजा वंदे मातरम्

प्रदर्शन के अंतिम चरण में सारंग टीम ने ‘वंदे मातरम्’ की गूंज के बीच तिरंगे की मनमोहक फॉर्मेशन प्रस्तुत की। इस दृश्य ने पूरे वातावरण को देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव से भर दिया।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने वायुसेना के जवानों के साहस, अनुशासन और समन्वय की सराहना करते हुए कहा कि ऐसा प्रदर्शन युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं भी दीं।

2 नवंबर को होगा मुख्य एयर शो

फुल ड्रेस रिहर्सल के बाद 2 नवंबर को नवा रायपुर के सेंध लेक में सारंग एयरोबेटिक डिस्प्ले टीम का मुख्य हवाई प्रदर्शन आयोजित होगा। इस आयोजन में प्रदेशवासी भारतीय वायुसेना के अद्भुत करतबों को करीब से देख सकेंगे।

कार्यक्रम में खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, विधायक धरमलाल कौशिक, कौशल्या साय सहित जनप्रतिनिधि, वायुसेना के अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *