छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को आत्मीय पत्र लिखकर प्रदेशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। अपने पत्र में प्रधानमंत्री ने छत्तीसगढ़ के साथ अपने पुराने जुड़ाव, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, विकास कार्यों और नक्सलवाद के खिलाफ मिली सफलता का उल्लेख करते हुए प्रदेश की बदलती तस्वीर पर प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने विश्वास जताया कि छत्तीसगढ़ विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
प्रधानमंत्री ने छत्तीसगढ़ राज्य गठन के 26 वर्ष पूरे होने पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि अटल जी के दूरदर्शी नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के गठन से लाखों लोगों की वर्षों पुरानी आकांक्षाएं पूरी हुईं और प्रदेश ने विकास की नई यात्रा शुरू की।
पीएम मोदी ने सरगुजा से बस्तर तक अपनी यात्राओं का जिक्र करते हुए छत्तीसगढ़ की सरलता, मेहनतकश जनता और जीवंत सांस्कृतिक परंपराओं की सराहना की। उन्होंने विशेष रूप से नक्सलवाद के खिलाफ मिली सफलता को प्रदेश के लिए ऐतिहासिक बदलाव बताया। उनके अनुसार, कभी नक्सलवाद के रेड कॉरिडोर के रूप में पहचाने जाने वाले इलाके अब शांति, विश्वास और विकास के नए केंद्र बन रहे हैं।
पत्र में प्रधानमंत्री ने बस्तर ओलंपिक, नियद नेल्ला नार, आजीविका उन्नयन योजना और मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर जैसी पहलों की भी सराहना की। उन्होंने प्रदेश में कनेक्टिविटी के विस्तार का उल्लेख करते हुए बताया कि 51 हजार करोड़ रुपये से अधिक की रेल परियोजनाओं पर काम चल रहा है। आधुनिक हवाई अड्डों, एक्सप्रेसवे और सड़क परियोजनाओं से विकास को नई गति मिल रही है।

प्रधानमंत्री ने जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियां गिनाते हुए बताया कि प्रदेश के 73 लाख परिवारों को निःशुल्क अनाज, 22 लाख से अधिक परिवारों को पक्के आवास, 41 लाख से अधिक ग्रामीण परिवारों को नल से जल और लगभग ढाई करोड़ आयुष्मान कार्डों के माध्यम से स्वास्थ्य सुरक्षा मिल रही है।
उन्होंने 25 लाख से अधिक किसानों को धान खरीदी का बेहतर मूल्य मिलने, 68 लाख से अधिक महिलाओं को महतारी वंदन योजना के तहत प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता मिलने और युवाओं के लिए शिक्षा एवं कौशल विकास के अवसर बढ़ने का भी उल्लेख किया।
नवा रायपुर को आधुनिक तकनीक, इनोवेशन और औद्योगिक विकास के उभरते केंद्र के रूप में रेखांकित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रदेश में आईटी, फार्मा, स्टील, एल्युमिनियम और टेक्सटाइल जैसे क्षेत्रों में नई संभावनाएं विकसित हो रही हैं।
पत्र के अंत में पीएम मोदी ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार का ‘अंजोर विजन’ विकसित छत्तीसगढ़ से विकसित भारत के संकल्प को नई दिशा दे रहा है। उन्होंने भरोसा जताया कि प्रदेश अपनी सांस्कृतिक विरासत को सहेजते हुए विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा।











Leave a Reply