बस्तर की आराध्य देवी के दरबार पहुंचीं राष्ट्रपति मुर्मु, मांगा देश की खुशहाली का आशीर्वाद
बस्तर प्रवास के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने जगदलपुर स्थित बस्तर की आराध्य देवी माँ दंतेश्वरी के मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने माँ दंतेश्वरी के दर्शन कर देशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना की। मंदिर परिसर में राष्ट्रपति का पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ स्वागत किया गया।
इस अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी मौजूद रहे। दोनों ने माँ दंतेश्वरी के दर्शन कर छत्तीसगढ़ की सुख-शांति, समृद्धि और निरंतर विकास की कामना की।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि माँ दंतेश्वरी के प्रति बस्तरवासियों की अटूट श्रद्धा है। माँ दंतेश्वरी केवल आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि बस्तर की सांस्कृतिक पहचान और लोकजीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन करना बस्तर और पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का क्षण है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर अपनी अनूठी जनजातीय संस्कृति, प्राचीन परंपराओं और विशिष्ट जीवन मूल्यों के लिए देश-दुनिया में विशेष पहचान रखता है। यहां की परंपराओं में प्रकृति, आस्था और सामाजिक जीवन का गहरा जुड़ाव देखने को मिलता है। राष्ट्रपति के प्रवास से बस्तर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान और सम्मान मिलेगा।
उल्लेखनीय है कि माँ दंतेश्वरी बस्तर अंचल की आराध्य देवी हैं। सदियों से यहां के लोगों की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं में माँ दंतेश्वरी की उपासना का विशेष स्थान रहा है। बस्तरवासियों की आस्था और सामाजिक जीवन में माँ दंतेश्वरी का महत्व बेहद गहरा है।
ये खबर भी पढ़ें —:

