रायपुर/बिलासपुर: उत्तर प्रदेश के खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने निर्धारित 21 क्विंटल प्रति एकड़ से कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी पूरी आदान सहायता देने के छत्तीसगढ़ सरकार के निर्णय की सराहना की है। एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने बिलासपुर पहुंचे पांडेय ने बुधवार को सर्किट हाउस में खाद्य विभाग और सहकारी बैंक के अधिकारियों के साथ बैठक कर राज्य की धान खरीदी व्यवस्था का जायजा लिया और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की इस पहल को किसान हितैषी कदम बताया।
घरेलू जरूरत के लिए धान रखने वाले किसानों को भी मिलेगा पूरा लाभ अधिकारियों ने चर्चा के दौरान उत्तर प्रदेश के मंत्री को अवगत कराया कि निर्धारित मात्रा से कम धान बेचने पर भी पूरी आदान सहायता देने का प्रावधान होने से उन किसानों को बड़ी राहत मिली है, जो घरेलू उपयोग के लिए धान सुरक्षित रखते हैं या जिनकी उपज कम होती है। इससे किसानों को अपनी उपज के उपयोग व विक्रय में सहूलियत मिलने के साथ-साथ आर्थिक सुरक्षा भी सुनिश्चित हो रही है।
धान उपार्जन की पूरी प्रक्रिया और पीडीएस सिस्टम की ली जानकारी बैठक के दौरान मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने छत्तीसगढ़ में धान खरीदी के सुचारू संचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली:
- पंजीयन और टोकन प्रणाली: उन्होंने किसानों के पंजीयन की प्रक्रिया और घर बैठे मिलने वाली ऑनलाइन टोकन व्यवस्था को समझा।
- केंद्रों की सुविधाएं और भुगतान: खरीदी केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं, इलेक्ट्रॉनिक तौल और किसानों को होने वाले त्वरित भुगतान की व्यवस्था की समीक्षा की।
- सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS): अधिकारियों ने उन्हें खाद्य विभाग की अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं और पीडीएस की प्रगति से भी अवगत कराया।
बैठक में उपस्थित अधिकारी इस अवसर पर खाद्य नियंत्रक अमृत कुजूर, नागरिक आपूर्ति निगम के जिला प्रबंधक नितिन दीवान, जिला विपणन अधिकारी उपेंद्र खांडे, खाद्य अधिकारी राजीव लोचन तिवारी और सहकारी केंद्रीय बैंक के सीईओ प्रभात मिश्रा सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।











Leave a Reply