इलाज की चिंता से मुक्ति: छत्तीसगढ़ में गरीब और मध्यम वर्ग के लिए जीवन रक्षक सुरक्षा कवच बनी आयुष्मान योजना

ayushman-bharat-yojana-chhattisgarh-healthcare-shield-poor-middle-class
आर्टिकल अच्छा लगे तो शेयर करें

रायपुर: स्वास्थ्य किसी भी सशक्त समाज और समृद्ध राज्य के निर्माण की सबसे मजबूत आधारशिला है। भारत सरकार द्वारा प्रारंभ की गई विश्व की सबसे बड़ी स्वास्थ्य बीमा योजना ‘आयुष्मान भारत – प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना’ आज छत्तीसगढ़ की स्वास्थ्य सेवाओं की तस्वीर बदल रही है। राज्य सरकार ने इस महत्वाकांक्षी केंद्रीय योजना को अपनी राज्य स्वास्थ्य योजनाओं के साथ एकीकृत कर ‘शहीद वीर नारायण सिंह आयुष्मान स्वास्थ्य योजना’ के रूप में अत्यंत प्रभावी ढंग से लागू किया है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक पात्र परिवार को गंभीर बीमारियों के इलाज के दौरान होने वाले भारी आर्थिक बोझ और कर्ज के जाल से बचाना है।

संवेदनशील नेतृत्व से गरीबों को मिला संबल पहले गंभीर बीमारी का नाम सुनते ही गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के सामने इलाज के खर्च का पहाड़ खड़ा हो जाता था, लेकिन मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की संवेदनशील कार्यशैली और दृढ़ इच्छाशक्ति ने इस धारणा को पूरी तरह बदल दिया है। योजनाओं के पारदर्शी और प्रभावी क्रियान्वयन से आज आयुष्मान भारत योजना तथा राज्य सरकार की ‘मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना’ छत्तीसगढ़ के हर उस नागरिक का जीवन रक्षक कवच बन चुकी हैं, जो महंगे इलाज का खर्च उठाने में असमर्थ हैं।

योजना का व्यापक विस्तार और 91.9 प्रतिशत लक्ष्य की प्राप्ति छत्तीसगढ़ में आयुष्मान योजना का लाभ केवल केंद्रीय सूची तक सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि राज्य सरकार ने राशन कार्ड के माध्यम से लगभग सभी परिवारों को इसके दायरे में लाने का सफल प्रयास किया है। पात्र परिवारों को प्रदेश और देश के पंजीकृत सरकारी एवं निजी अस्पतालों में पूरी तरह निःशुल्क और कैशलेस इलाज की सुविधा मिल रही है।

छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल की बड़ी कार्रवाई: निर्माण कार्यों में लापरवाही पर दो ठेकेदार एजेंसियां ब्लैकलिस्ट

आंकड़ों की बात करें तो प्रदेश में 2 करोड़ 71 लाख 11 हजार 762 के लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 2 करोड़ 49 लाख 18 हजार 115 आयुष्मान कार्ड (AB-PMJAY / SVSASY) बनाए जा चुके हैं, जो कुल लक्ष्य का 91.9 प्रतिशत है। इस अभियान में सूरजपुर जिला 21 लाख 93 हजार 647 आयुष्मान कार्ड बनाकर 97 प्रतिशत उपलब्धि के साथ पूरे राज्य में प्रथम स्थान पर है। वहीं, ‘नियद नेल्ला-नार 2.0’ अभियान के तहत दूरस्थ वनांचल और पूर्व नक्सल प्रभावित क्षेत्रों—बीजापुर, सुकमा, दंतेवाड़ा, कांकेर, नारायणपुर, बस्तर, कोण्डागांव, गरियाबंद, मोहला-मानपुर, अम्बागढ़ चौकी और छुईखदान में 93 प्रतिशत राशन कार्डधारी हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। उल्लेखनीय है कि योजना के उत्कृष्ट क्रियान्वयन के लिए राज्य को राष्ट्रीय स्तर पर चार पुरस्कारों (तीन पंजीयन और एक लैंगिक समानता) से भी नवाजा जा चुका है।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहसपुर लोहारा पहुंचे उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, सोनोग्राफी व नेत्र जांच शिविर का किया अवलोकन

मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना: दुर्लभ बीमारियों के लिए 25 लाख तक की मदद राज्य में अंत्योदय, प्राथमिकता वाले राशन कार्ड धारक और केंद्रीय सूची में शामिल परिवारों को प्रति वर्ष प्रति परिवार 5 लाख रुपये तक का निःशुल्क स्वास्थ्य बीमा कवर दिया जा रहा है, जबकि अन्य पात्र सामान्य राशन कार्ड धारक परिवारों को राज्य योजना के अंतर्गत 50 हजार रुपये तक की चिकित्सा सहायता उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त, ऐसी दुर्लभ और बेहद गंभीर बीमारियां जिनका खर्च लाखों में होता है, उनके लिए छत्तीसगढ़ सरकार की ‘मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना’ वरदान साबित हो रही है। इसके तहत अधिकतम 25 लाख रुपये तक की वित्तीय सहायता सीधे अस्पतालों को जारी की जाती है।

जनवरी 2024 से अब तक इस योजना के माध्यम से 3,281 हितग्राहियों के लिए कुल 203.07 करोड़ रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की जा चुकी है:

  • कैंसर उपचार: 2,476 मामलों में 115.48 करोड़ रुपये।
  • बोन मैरो ट्रांसप्लांट: 205 मामलों में 27.06 करोड़ रुपये।
  • डायलिसिस और हृदय रोग: डायलिसिस के 686 मामलों में 17.18 करोड़ रुपये तथा हृदय संबंधी उपचार के 371 मामलों में 17.08 करोड़ रुपये।
  • अंग प्रत्यारोपण: किडनी ट्रांसप्लांट के 144 मामलों में 5.41 करोड़ रुपये और लिवर ट्रांसप्लांट के 31 मामलों में 5.57 करोड़ रुपये की मदद दी गई है।

बुजुर्गों के लिए ‘आयुष्मान वय वंदना कार्ड’ का सहारा आयुष्मान वय वंदना कार्ड के अंतर्गत 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों को, चाहे उनकी आय या सामाजिक स्थिति कुछ भी हो, 5 लाख रुपये तक का निःशुल्क स्वास्थ्य कवर दिया जा रहा है। इसकी सबसे बड़ी विशेषता यह है कि पहले से मौजूद बीमारियों का इलाज भी कार्ड बनने के पहले दिन से ही कवर होता है, जिसमें भर्ती होने से पहले की जांच, दवाइयां और डिस्चार्ज के बाद का फॉलो-अप खर्च भी शामिल है। प्रदेश में 8 लाख 71 हजार 717 के लक्ष्य के विरुद्ध 6 लाख 23 हजार 220 (71.5 प्रतिशत) वय वंदना कार्ड बनाए जा चुके हैं, जिसमें बस्तर जिला 2 लाख 48 हजार 497 कार्ड (89.8 प्रतिशत) बनाकर राज्य में शीर्ष पर है।

वनांचलों तक पहुंची आधुनिक चिकित्सा और सरल डिजिटल प्रक्रिया जनजातीय बाहुल्य और ग्रामीण आबादी वाले छत्तीसगढ़ में बस्तर और सरगुजा संभाग के दूरस्थ ग्रामीण भी अब रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग या देश के किसी भी बड़े शहर के पंजीकृत अस्पतालों में न्यूरोसर्जरी और घुटने के प्रत्यारोपण जैसी जटिल सर्जरी मुफ्त करवा रहे हैं। साथ ही, ग्रामीण स्तर पर उप-स्वास्थ्य केंद्रों को ‘आयुष्मान आरोग्य मंदिर’ के रूप में विकसित किया गया है, जहां मातृ-शिशु स्वास्थ्य, मधुमेह व उच्च रक्तचाप की नियमित जांच और टेली-कंसल्टेशन की सुविधा मिल रही है।

नागरिकों की सुविधा के लिए कार्ड बनवाने की प्रक्रिया को पूरी तरह सरल बनाया गया है। लोग घर बैठे अपने स्मार्टफोन पर ‘Ayushman App’ या आधिकारिक पोर्टल (beneficiary.nha.gov.in) पर आधार और राशन कार्ड के जरिए e-KYC कर स्वयं कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। इसके अलावा नजदीकी चॉइस सेंटर (CSC), लोक सेवा केंद्र या अस्पतालों में मौजूद आयुष्मान मित्र से निःशुल्क कार्ड बनवाया जा सकता है। किसी भी सहायता के लिए राज्य हेल्पलाइन 104 या राष्ट्रीय टोल-फ्री नंबर 14555 उपलब्ध है।

सशक्त और स्वस्थ छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ते कदम हालांकि करोड़ों कार्ड बनने के बाद अब ग्रामीण स्तर पर इसके उपयोग को लेकर और अधिक जागरूकता बढ़ाने, निजी अस्पतालों में क्लेम सेटलमेंट को और तेज करने तथा दूरस्थ अंचलों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में निरंतर कार्य जारी है। निस्संदेह, आयुष्मान योजना ने यह सुनिश्चित किया है कि अब पैसे के अभाव में किसी भी नागरिक का इलाज नहीं रुकेगा, जो ‘स्वस्थ छत्तीसगढ़, समृद्ध छत्तीसगढ़’ के संकल्प को साकार कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *