छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

उफनती नदी में मौत से जंग! चट्टान पर फंसे ग्रामीण को डीडीआरएफ टीम ने बचाया

सूरजपुर जिले के ओड़गी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम माढर में उफनती नदी के तेज बहाव में फंसे एक ग्रामीण को जिला प्रशासन और डीडीआरएफ की संयुक्त टीम ने साहसिक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सुरक्षित बचा लिया। मछली पकड़ने के दौरान अचानक बढ़े जलस्तर ने ग्रामीण की जान संकट में डाल दी थी।

जानकारी के अनुसार, ग्राम माढर निवासी अशोक सोनपाकर नदी में मछली पकड़ने गए थे। इसी दौरान नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया और वे तेज बहाव की चपेट में आ गए। जान बचाने के प्रयास में अशोक नदी के बीच स्थित एक चट्टान पर पहुंच गए, लेकिन चारों ओर तेज बहाव होने के कारण वहीं फंस गए।

घटना की सूचना मिलते ही भैयाथान एसडीएम ने तत्काल जिला प्रशासन को जानकारी दी। इसके बाद जिला सेनानी संजय गुप्ता के निर्देश पर डीडीआरएफ की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और जोखिम भरी परिस्थितियों के बीच रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

उफनती नदी और तेज बहाव के बावजूद बचाव दल ने सूझबूझ और बेहतर समन्वय के साथ घंटों मशक्कत की। आखिरकार अशोक सोनपाकर को सुरक्षित नदी से बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया।

इस रेस्क्यू ऑपरेशन में संयुक्त टीम प्रभारी हवलदार बीरबल गुप्ता, आनंद चौबे, धनश्य नेताम, हंसलाल, देवनारायण, त्रिनेत्र सिंह, शिवनारायण सिंह, सिद्धू सिंह, रिकेश कुमार और विदेश सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

घटना के बाद जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि लगातार बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में तेज बहाव वाले क्षेत्रों और जल स्रोतों के आसपास जाने से बचें तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन को सूचना दें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button