छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

PM किसान सम्मान निधि की छोटी बचत से बड़ा कारोबार: 75 साल की उम्र में परशुराम गुप्ता ने खड़ा किया 10 गायों का सफल डेयरी व्यवसाय

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों को आर्थिक मजबूती देने का माध्यम बन रही है। कई किसान योजना से मिलने वाली सहायता राशि का उपयोग नई आजीविका शुरू करने में कर रहे हैं। ग्राम पंचायत महापल्ली के 75 वर्षीय किसान परशुराम गुप्ता इसकी एक प्रेरक मिसाल बनकर सामने आए हैं।

परशुराम गुप्ता ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत मिलने वाली दो-दो हजार रुपए की किस्तों को वर्ष 2020 से बचाना शुरू किया। धीरे-धीरे करीब 10 हजार रुपए की पूंजी जुटाने के बाद उन्होंने पहली गाय खरीदी और गौ-पालन की शुरुआत की। मेहनत, अनुभव और सही योजना के दम पर उनका छोटा प्रयास अब एक सफल डेयरी व्यवसाय में बदल चुका है।

आज परशुराम गुप्ता के पास 10 गाय हैं और वे नियमित रूप से दूध उत्पादन कर रहे हैं। वर्तमान में वे प्रतिदिन करीब 100 लीटर दूध स्थानीय डेयरी को बेचते हैं। दूध का विक्रय लगभग 40 रुपए प्रति लीटर की दर से किया जा रहा है, जिससे उनके व्यवसाय का मासिक कारोबार करीब 1 लाख 20 हजार रुपए तक पहुंच रहा है। खर्च निकालने के बाद होने वाली आय ने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूती दी है।

75 वर्ष की उम्र में भी परशुराम गुप्ता पूरे उत्साह के साथ गौ-सेवा और पशुपालन में जुटे हुए हैं। उनका कहना है कि सरकारी योजनाओं से मिलने वाली छोटी आर्थिक सहायता का सही और योजनाबद्ध उपयोग किया जाए तो ग्रामीण किसान आत्मनिर्भरता की दिशा में बड़ा कदम बढ़ा सकते हैं।

परशुराम गुप्ता की कहानी यह संदेश देती है कि उम्र नहीं, बल्कि मेहनत, अनुभव और सही दिशा में किया गया प्रयास सफलता की असली पहचान होता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button