छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

रायगढ़ के विकास की रफ्तार तेज! ओपी चौधरी ने किया मैराथन निरीक्षण, 400 करोड़ की रिंग रोड समेत बड़े प्रोजेक्ट्स पर फोकस

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में अधोसंरचना विकास की रफ्तार तेज हो रही है। इसी कड़ी में रायगढ़ को आधुनिक, सुव्यवस्थित और बेहतर सुविधाओं वाला शहर बनाने की दिशा में वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने शुक्रवार को शहर की प्रमुख विकास परियोजनाओं का मैराथन निरीक्षण किया।

वित्त मंत्री ने ऑक्सीजोन, पुल, केलो रिवर फ्रंट, मरीन ड्राइव, नालंदा परिसर, खेल सुविधाओं और अन्य सार्वजनिक परियोजनाओं का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ तय समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण की शुरुआत दूध डेयरी ऑक्सीजोन से हुई। इसके बाद ओपी चौधरी ने गोवर्धनपुर में केलो नदी पर निर्माणाधीन पुल, खर्राघाट केलो रिवर फ्रंट, नालंदा परिसर, एसईसीएल रोड मरीन ड्राइव, कयाघाट पुल, मिनी स्टेडियम की स्केटिंग रिंग, कौहाकुंडा हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, स्टेडियम और एफसीआई ऑक्सीजोन का निरीक्षण किया।

ओपी चौधरी ने कहा कि रायगढ़ के विकास के लिए जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, इंजीनियर और निर्माण एजेंसियां मिलकर काम कर रही हैं। लक्ष्य केवल निर्माण कार्य पूरा करना नहीं, बल्कि मजबूत अधोसंरचना के जरिए शहरवासियों के जीवन में वास्तविक बदलाव लाना है।

उन्होंने कहा कि औद्योगिक विकास के अनुरूप रायगढ़ में अधोसंरचना का विकास लंबे समय तक अपेक्षित गति से नहीं हो पाया। इसके चलते शहर को यातायात, भारी वाहनों, दुर्घटनाओं, धूल और प्रदूषण जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ा। अब इन चुनौतियों से निपटने के लिए बड़े और सुनियोजित प्रोजेक्ट्स पर तेजी से काम किया जा रहा है।

रिंग रोड को रायगढ़ के भविष्य के लिए अहम परियोजना बताते हुए उन्होंने कहा कि भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। घरघोड़ा रोड से झारसुगुड़ा रोड को जोड़ने के पहले चरण में 400 करोड़ रुपए से अधिक खर्च होने की संभावना है। आने वाले वर्षों में रायगढ़ से घरघोड़ा तक सड़क को फोरलेन करने की दिशा में भी प्रयास किए जाएंगे।

ओपी चौधरी ने कहा कि अगले एक-दो वर्षों में रायगढ़ के विकास की नई तस्वीर जमीन पर दिखाई देने लगेगी। शहर को बेहतर सड़कें, पुल, हरित क्षेत्र, आधुनिक सार्वजनिक सुविधाएं और मजबूत अधोसंरचना देने का लक्ष्य रखा गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button