छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

कोरबा में जन्माष्टमी की भव्य शोभायात्रा, यादव समाज के लिए 75 लाख के विकास कार्यों का ऐलान

डॉ. भीमराव ओपन थिएटर खेल मैदान और घंटाघर कोरबा में सर्व यादव समाज द्वारा श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर भव्य शोभायात्रा एवं रैली आयोजित की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन और महापौर संजू देवी राजपूत शामिल हुए। दोनों ने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर यादव समाज को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं।

मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि यादव समाज का स्नेह और आशीर्वाद उन्हें हमेशा मिलता रहा है। भगवान श्रीकृष्ण के आशीर्वाद और समाज के सहयोग से नगर एवं जिले में तेजी से विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाज की मांगों को प्राथमिकता देते हुए विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने का काम लगातार जारी है।

मंत्री ने बताया कि यादव समाज के लिए करीब 75 लाख रुपये के विकास कार्य कराए जा रहे हैं। इनमें बालको शांति नगर स्थित राधाकृष्ण मंदिर के पास भवन के ऊपरी तल का निर्माण, जमनीपाली में सामुदायिक भवन, शारदा विहार अमरैय्यापारा स्थित राधाकृष्ण मंदिर का विस्तार जैसे कई कार्य शामिल हैं। वैशाली नगर मिनी स्टेडियम के पास मंच एवं कक्ष निर्माण का कार्य भी जारी है। इसके अलावा लाटा मेन रोड में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 20 लाख रुपये और मानिकपुर यादव मोहल्ले में भवन निर्माण के लिए 15 लाख रुपये की स्वीकृति की बात कही गई।

कार्यक्रम में महापौर संजू देवी राजपूत ने जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए भगवान श्रीकृष्ण को समर्पित भजन भी प्रस्तुत किया। शोभायात्रा में सर्व यादव समाज के प्रदेश अध्यक्ष रमेश यदु, संरक्षक कमलेश यादव, प्रदेश महामंत्री संतोष यादव, पार्षद नरेंद्र देवांगन, हारबाई यादव, प्रफुल्ल तिवारी और संयोजक रंजू यादव सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button